Chaitra Navratri 2026 : नवरात्रि जैसे पावन समय में शुद्ध और सही भोजन करना बहुत जरूरी है. अभी चैत्र नवरात्रि चल रही है और बहुत से लोग नौ दिनों का व्रत कर रहे हैं तो वहीं कुछ लोग प्रथमा, पंचमी और सप्तमी में व्रत करते हैं. उपवास के दौरान जो चीज सबसे ज़्यादा खाई जाती है वो है साबूदाना. जो की व्रत का अहम हिस्सा है. लेकिन मिलावट के कारण आजकल बाजार में नकली या घटिया साबूदाना भी मिलते हैं. आप घर पर ही इन आसान तरीकों से असली और नकली साबूदाने की पहचान कर सकते हैं. आइए जानते हैं विस्तार से.

दिखावट (Appearance) से पहचानें

असली साबूदाना सफेद, हल्का पारदर्शी और एकसमान आकार का होता है. नकली साबूदाना अक्सर ज्यादा चमकदार या बिल्कुल एकदम सफेद (चॉक जैसा) दिखता है और दानों का आकार असमान हो सकता है.

पानी में भिगोकर टेस्ट करें

असली साबूदाना पानी में भिगोने पर धीरे-धीरे फूलता है और नरम हो जाता है. नकली साबूदाना या मिलावटी दाने जल्दी घुल सकते हैं या चिपचिपा पेस्ट जैसा बन सकते हैं.

दबाकर देखें

भीगे हुए असली साबूदाने को दबाने पर वह मुलायम होकर आसानी से मैश हो जाता है. नकली साबूदाना या तो बहुत सख्त रहेगा या अजीब तरीके से टूटेगा.

पकाने के बाद की बनावट

असली साबूदाना पकने पर हल्का पारदर्शी और दानेदार (non-sticky) रहता है. नकली साबूदाना बहुत ज्यादा चिपचिपा या गोंद जैसा बन सकता है.

स्वाद और खुशबू से पहचानें

असली साबूदाना हल्का और बिना किसी अजीब गंध के होता है. नकली या मिलावटी साबूदाने में केमिकल जैसी गंध या अजीब स्वाद आ सकता है.

ध्यान रखने वाली बातें

  1. हमेशा भरोसेमंद दुकान से ही साबूदाना खरीदें.
  2. बहुत सस्ता मिलने वाला साबूदाना लेने से बचें.
  3. पैक्ड और ब्रांडेड प्रोडक्ट लेना ज्यादा सुरक्षित होता है.