विजय कुमार/जमुई। जिले में इन दिनों अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला टाउन थाना क्षेत्र के व्यस्त बायपास रोड का है, जहां शातिर चोरों ने एक ई-रिक्शा (टोटो) को अपना निशाना बनाया और उसकी बैटरी लेकर रफूचक्कर हो गए। चोरी की यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर अब पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।
रेकी के बाद वारदात को दिया अंजाम
सीसीटीवी फुटेज में चोरों की कार्यशैली साफ नजर आ रही है। फुटेज के अनुसार, वारदात को दो युवकों ने मिलकर अंजाम दिया। पहले एक युवक ई-रिक्शा के पास पहुंचता है और इधर-उधर देखकर स्थिति का जायजा (रेकी) लेता है। उस वक्त उसके हाथ में एक बड़ा प्लास्टिक का बोरा भी था। कुछ ही देर में उसका दूसरा साथी भी वहां पहुंच जाता है। दोनों ने बेहद शातिराना और सुनियोजित तरीके से टोटो में लगी कीमती बैटरी को खोल लिया। इसके बाद, बैटरी को बोरे में भरकर एक आरोपी उसे सिर पर लादकर बड़े आराम से वहां से चलता बना।
काम से आए चालक की बढ़ी मुसीबत
पीड़ित की पहचान सिकंदरा थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव निवासी किशन कुमार के रूप में हुई है। किशन ने बताया कि बीते 18 मार्च को वह अपने ई-रिक्शा से सवारी लेकर सिकंदरा से जमुई रजिस्ट्री कचहरी आए थे। उन्होंने अपना वाहन बायपास रोड स्थित एक दुकान के पास सुरक्षित खड़ा किया था। दोपहर में जब वह अपना काम निपटाकर वापस लौटे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। ई-रिक्शा से बैटरी गायब थी।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
पीड़ित किशन कुमार ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। हार मानकर शुक्रवार को उन्होंने टाउन थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। इधर, पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि की है। थाना पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज एक अहम सुराग है। फुटेज के जरिए आरोपियों के हुलिए की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

