रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 21 मार्च को सरगुजा और सूरजपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री सरगुजा जिले के मुख्यालय अम्बिकापुर में बस्तर ओलंपिक की तर्ज पर आयोजित संभाग स्तरीय ‘सरगुजा ओलंपिक 2026’ और ‘राज्य स्तरीय तिलहन-किसान मेला 2026’ का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री सूरजपुर जिले के कुदरगढ़ में आयोजित ‘कुदरगढ़ महोत्सव 2026’ का उद्घाटन करेंगे। सरगुजा ओलंपिक के विजेता खिलाड़ियों को राज्य की खेल प्रशिक्षण अकादमियों में सीधे प्रवेश दिया जाएगा और उन्हें युथ आइकॉन के रूप में सम्मानित किया जाएगा। सरगुजा ओलंपिक में कबड्डी, खो-खो, तीरंदाजी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी, कुश्ती, दौड़, बेडमिंटन, रस्साकसी सहित 12 खेल विधाओं में प्रतियोगिता आयोजित होंगी।

लोकतंत्र सेनानी आज मनाएंगे विजय दिवस

रायपुर। देशभर के लोकतंत्र सेनानी एवं प्रहरी दिल्ली में विशाल सम्मेलन में 21 मार्च को जुटेंगे। इसमें छत्तीसगढ़ से भी 30 सेनानी शामिल होंगे। यहां लोकतंत्र विजय दिवस मनाया जाएगा। लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रहरी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने ने बताया कि सम्मेलन को केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेशों के मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे। 21 मार्च को ‘लोकतंत्र विजय दिवस’ घोषित करने, जिला आपातकाल योद्धाओं का विजय स्तंभ बनाने की मांग की जाएगी।

ईद-उल-फितर आज, ईदगाह-मस्जिदों में अदा होगी नमाज

रायपुर। राजधानी समेत प्रदेशभर में शनिवार को ईद उल-फितर मनाई जा रही है। इस मौके पर शहर के 58 ईदगाह, मस्जिद और मदरसों में नमाज का समय तय कर दिया गया है। शहर काजी मौलाना मोहम्मद हामिद अली फारूखी ने इसकी घोषणा की है। मदरसा इस्लाहुल मुस्लेमीन बैजनाथपारा से सभी मस्जिदों को सूचना भेजी गई है। जानकारी के अनुसार शहर के अलग-अलग स्थानों पर सुबह 6.45 बजे से 10.45 बजे तक नमाज अदा की जाएगी। कुछ मस्जिदों में भीड़ को देखते हुए दो या तीन जमात में नमाज होगी। छोटापारा बैजनाथपारा मस्जिद में सुबह 6.45 और 10 बजे नमाज होगी। शहर काजी ने लोगों से समय पर पहुंचकर की अपील की है।

चैत्र नवरात्र का तीसरा दिन आज, मंदिरों में भक्तों की भीड़

रायपुर। चैत्र नवरात्र के तीसरे दिन आज भक्त मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रहे हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां चंद्रघंटा शांति, साहस और समृद्धि प्रदान करने वाली देवी मानी जाती हैं। राजधानी रायपुर के देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। भक्तजन मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन कर रहे हैं और सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। नवरात्र के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा को प्रसन्न करने के लिए दूध और दही का भोग लगाया जाता है। मान्यता है कि इससे जीवन में शांति, सकारात्मक ऊर्जा और मानसिक संतुलन बना रहता है। माना जाता है कि मां चंद्रघंटा की आराधना से भय और नकारात्मकता दूर होती है तथा आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। इसी कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु आज के दिन विशेष पूजा-अर्चना करते हैं।

जशपुर में कार्यकर्ताओं को रिचार्ज करेंगे दीपक बैज

जशपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज 22 और 23 मार्च 2026 को जशपुर जिले के प्रवास पर रहेंगे। संगठन को जमीनी स्तर पर धार देने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने के उद्देश्य से किया जा रहा यह दौरा राजनीतिक गलियारों में काफी अहम माना जा रहा है। ​जिला कांग्रेस कमेटी जशपुर के अध्यक्ष यू. डी. मिंज ने इस दौरे की आधिकारिक जानकारी साझा करते हुए बताया कि पीसीसी अध्यक्ष इस दौरान जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। ​

जगन्नाथ मंदिर से निकलेगी गणगौर शोभायात्रा

रायपुर। श्री गौड़ ब्राह्मण समाज संस्था रायपुर द्वारा 21 मार्च को गणगौर पर्व पर ईसर-गौरा जी की शोभायात्रा निकाली जाएगी। यात्रा शाम 5 बजे मंदिर से शुरू होगी। संस्था के अध्यक्ष प्रहलाद मिश्रा ने बताया कि यह सत्ती बाजार, तात्यापारा चौक, बढ़ई पारा और रामसागर पारा होते हुए शिव मंदिर रामसागर पारा में समाप्त होगी। मार्ग में स्वागत की तैयारी की गई है।

दो दिन बंद रहेगी अस्पतालों की ओपीडी

रायपुर। राजधानी के सरकारी अस्पतालों में मरीजों को दो दिन तक ओपीडी सेवाओं से वंचित रहना पड़ेगा। शनिवार को ईद की छुट्टी और रविवार के साप्ताहिक अवकाश के चलते ओपीडी बंद रहेगी। सोमवार से सेवाएं फिर शुरू होंगी। इसका असर अंबेडकर अस्पताल, डीकेएस सुपरस्पेशलिटी अस्पताल, जिला अस्पताल सहित शहर के सभी सरकारी अस्पतालों में दिखाई देगा। दोनों दिन नियमित ओपीडी सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी, जिससे मरीजों को इलाज के लिए इंतजार करना पड़ेगा। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इमरजेंसी सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। सोमवार से अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं सामान्य रूप से शुरू हो जाएंगी।