दिल्ली के न्यू उस्मानपुर थानाक्षेत्र की एक काॅलोनी में पड़ोस में रहने वाले 22 वर्षीय युवक पर ढाई साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। इस बीच बच्ची की मां ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपी को बचाने की कोशिश कर रही है। महिला ने कहा कि, अपराध की गंभीरता की अनदेखी करते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सिर्फ छेड़छाड़ की धारा के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। जबकि पुलिस ने कहा है कि, मामले की जांच जारी है।

क्या है पूरा मामला ?

बच्ची की मां ने बताया कि पड़ोस में ही रहने वाला 22 वर्षीय युवक उनकी ढाई साल की बच्ची को अक्सर खिलाने लेकर जाता था। पिछले दिनों बेटी की तबियत खराब हुई। जब बेटी से उन्होंने पूछा तो उसने रोते हुए युवक की करतूत के बारे में बताया। महिला ने बताया कि उन्होंने खुद कई बार आरोपित को चाॅकलेट देने के बहाने बेटी को ले जाते देखा है लेकिन उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि आरोपित इस तरह की हरकत कर सकता है।

उन्होंने पुलिस को मामले की सूचना दी। आरोप है कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज तो की लेकिन छेड़छाड़ की धाराएं लगाई हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m