रायपुर। रायपुर पुलिस के पास अजीबो-गरीब मामला सामने आया, जिसमें परिचित ने ही खुद को ACB-EOW का अधिकारी बताकर लोक निर्माण विभाग के पूर्व अधीक्षण अभियंता को 9.50 लाख रुपए का चूना लगा दिया. पुलिस ने मामला सामने आने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

यह भी पढ़ें : पॉवर सेंटर:  सहयोग… बेहाल कांग्रेस… निजी हथियार… आहट… पोस्टिंग… – आशीष तिवारी

जानकारी के अनुसार, थाना राखी में पीडब्ल्यूडी के पूर्व अधीक्षण अभियंता देवलाल सिंह टेकाम ने शिकायत दर्ज कराई थी. उसने बताया था कि 28 जनवरी 2026 को उसके मोबाइल नंबर पर काल आया था. सामने वाले ने खुद को एसीबी-ईओडब्ल्यू का अधिकारी बताते हुए उनके खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज होने की बात कही. फोन काॅल आने के बाद से देवलाल सिंह टेकाम डर गए और इसकी जानकारी अपने परिचित धर्मेन्द्र चौहान को दी.

धर्मेंद्र चौहान ने देवलाल सिंह टेकाम को तत्काल दोनों नंबर को ब्लाॅक करने की सलाह दी. धमेंद्र ने देवलाल से कहा कि वो चिंता न करें, सब ठीक कर देगा. इसके बाद आरोपी धर्मेंद्र चौहान ने एक योजना तैयार की. आरोपी ने सोचा कि क्यो न वो खुद मौके का फायदा उठाये. आरोपी ने सोचा कि वो खुद एसीबी का अधिकारी बनकर नये नंबर से पीड़ित को काॅल करेगा और उसे डरा-धमका कर रूपए की मांग करेगा.

आरोपी ने एक नया नंबर लिया और पीड़ित को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजा. साथ ही एक फर्जी शिकायत की प्रति भी भेजी. आरोपी ने इस दौरान खुद को एसीबी-ईओडब्ल्यू का अधिकारी बताया. थोड़ी देर बाद आरोपी ने काॅल किया और कहा कि गिरफ्तार से बचना है तो 10 लाख देने होंगे. पीड़ित देवलाल डर गया और 9.50 लाख रूपए आरोपी को दे दिए. रूपए देने के बाद भी आरोपी फिर से नगदी की मांग करने लगा.

पीड़ित को शक हुआ और उन्होंने इसकी शिकायत राखी थाने में दर्ज कराई. पीड़ित की शिकायत को ग्रामीण पुलिस ने गंभीरता से लिया. एएसपी संदीप मित्तल ने मामले की जांच की और आरोपी के द्वारा किए गए फोन नंबरों की जांच की. नंबर जांच करने पर पता चला कि यह नंबर पीड़ित के परिचित का ही है.

ग्रामीण पुलिस ने बिना देरी किए आरोपी को गिरफ्तार किया और उससे पूछताछ की. पूछताछ में धर्मेंद्र चौहान ने कबूल किया कि उसी ने ही 9.50 लाख की ठगी की थी. आरोपी ने बताया कि वो लंबे समय से देवलाल सिंह टेकाम से जुड़ा हुआ था. इसी का फायदा उठाकर उसने उससे ठगी की योजना बनाई थी. राखी थाना पुलिस ने मामले में 319, 204, 308 2, आईटी के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया. साथ ही आरोपी के खिलाफ आगे की जांच कार्रवाई भी की जा रही है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m