Rajasthan Weather Update Today: राजस्थान में तपती गर्मी के बीच मौसम ने अचानक ऐसी करवट ली है कि लोगों को पंखे-कूलर बंद करने पड़ गए हैं। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) की सक्रियता के चलते प्रदेश के बड़े हिस्से में बादल मेहरबान हैं। ग्राउंड सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जैसलमेर और बीकानेर बेल्ट में हुई जोरदार बारिश ने तापमान में भारी गिरावट ला दी है, जिससे मार्च के महीने में भी हल्की ठंडक का अहसास होने लगा है।

जैसलमेर में सबसे ज्यादा असर, पारा लुढ़का

मौसम केंद्र जयपुर से आई रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा असर जैसलमेर में देखा गया है, जहां 13.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। दरअसल, इस बारिश की वजह से मरुधरा का पारा सीधे 8 डिग्री तक नीचे आ गया है। फिलहाल राज्य के अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री के बीच बना हुआ है, जो सामान्य से काफी कम है।

इन जिलों में आज बारिश की चेतावनी

बता दें कि मौसम विभाग ने आज यानी सोमवार के लिए भी अलर्ट जारी किया है। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनू, चुरू, सीकर और नागौर के आसपास के इलाकों में मेघगर्जन के साथ बारिश की पूरी संभावना बनी हुई है। रविवार को पाली में सबसे ज्यादा गर्म 32.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अलवर का सबसे कम न्यूनतम तापमान अलवर में 13 डिग्री रहा। वहीं राजधानी जयपुर का पारा 28.6 डिग्री के आसपास बना हुआ है।

अगले 48 घंटे रहेंगे अहम

गौरतलब है कि यह सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग के जानकारों का कहना है कि 25 और 26 मार्च को एक और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसकी वजह से प्रदेश के कई जिलों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।

पढ़ें ये खबरें