बिलासपुर। आगामी 28 मार्च से लागू होने वाले नए समर शेड्यूल में बिलासपुर के साथ जबरदस्त धोखा किया गया है. शहर की हवाई सेवाओं को लेकर एक बार फिर निराशाजनक स्थिति सामने आई है. जहां यात्रियों को उम्मीद थी कि शहर से फ्लाइटों की संख्या बढ़ेगी, वहीं उल्टा कई सेवाओं में कटौती कर दी गई है. जबलपुर और जगदलपुर हवाई सेवा को बंद कर दिया गया है. प्रयागराज के लिए चलने वाली फ्लाइट अब सप्ताह में सिर्फ एक दिन तक सीमित कर दी गई है. वहीं कोलकाता और दिल्ली की विमान व्हाया अंबिकापुर होकर चलेगी.

यह भी पढ़ें : CG Morning News : सीएम साय बांटेंगे भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना की राशि, ट्राइबल गेम्स का होगा आगाज, गांव पहुंच अभियान के जरिए पार्टी को मजबूत कर रहे दीपक बैज, बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद अलर्ट मोड पर प्रशासन, शराब को प्लास्टिक बोतलों में बेचने का विरोध…समेत पढ़ें अन्य खबरें

केंद्र और राज्य सरकार एक तरफ क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर बिलासपुर जैसे महत्वपूर्ण शहर की सेवाएं घटाई जा रही हैं. यह फैसला सीधे तौर पर शहर की कनेक्टिविटी और विकास पर असर डालने वाला है. हवाई जहाज की संचालन के लिए 28 मार्च से लागू होने वाले समर शेड्यूल में एक बार फिर से न्यायधानी के साथ अन्याय हुआ है. शहर से हैदराबाद, दिल्ली डायरेक्ट सहित नई हवाई सुविधाओं की मांग को लेकर रायपुर से दिल्ली तक आंदोलन किए गए. सभी ने हवाई सुविधाओं में वृद्वि का भरोसा जताया, लेकिन कुछ नहीं हुआ. एक बार फिर से हमेशा की तरह बिलासपुर के साथ धोखा हुआ है.

समर शेड्यूल में पहले से सप्ताह में दो दिन चलने वाली बिलासपुर – प्रयागराज फ्लाइट को घटाकर सिर्फ एक दिन कर दिया गया है. प्रयागराज रूट धार्मिक, शैक्षणिक और न्यायिक कारणों से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है, लेकिन इसे सीमित कर देना यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है. वहीं सबसे बड़ा धोखा जबलपुर फ्लाइट के साथ हुआ है.

एलाइंस एयर ने जबलपुर की हवाई सेवा को बंद करने का निर्णय लिया है. साथ ही बिलासपुर जगदलपुर हवाई सेवा को भी बंद करने का निर्णय लिया गया है. इसके अलावा कोलकाता – बिलासपुर की सीधी हवाई सेवा को व्हाया अंबिकापुर चलाने का निर्णय लिया है . इसी तरह सप्ताह में दो दिन दिल्ली की फ्लाइट व्हाया अंबिकापुर जाएगी. जिससे उक्त फ्लाइट में यात्रियों की संख्या कम होना तय है.

हैदराबाद फ्लाइट एक बार फिर से लटकी

हैदराबाद- बिलासपुर-हैदराबाद फ्लाइट चलाने की मांग का समर्थन केन्द्रीय विमानन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने दिल्ली में आंदोलन करने पहुंचे हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति को हैदराबाद उड़ान शुरू कराने का आश्वासन दिया था. लेकिन एक बार फिर से हैदराबाद विमान लटक गया है. उसका ट्रायल भी डेढ़ साल पहले हो चुका है. जो काफी सफल रहा था.

पांच साल से चल रही जबलपुर फ्लाइट बंद

एलाइंस एयर कंपनी ने एक बार फिर से पर्याप्त यात्रियों के साथ चलने वाली हवाई सेवा को बंद कर दिया है. इस बार बिलासपुर-जबलपुर फ्लाइट को बंद किया गया है. जो शहर में हवाई सेवा शुरू होने के साथ चल रही थी. उसको बंद करने का कारण नहीं बताया जा रहा है. ज्ञात हो कि इसके पहले भोपाल और इंदौर फ्लाइट भी चलाने के कुछ समय बाद बंद कर दी गई थी.

राज्य सरकार ने एलाइंस एयर में ही करा दिया बंटवारा

समिति हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने समर शेड्यूल में हवाई सेवा कम किए जाने को लेकर जमकर नाराजगी व्यक्त की है. समिति ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के छोटे हवाई अड्डों में इंडिगो या किसी अन्य एयरलाइंस को लाने में तो सफल नहीं हुई बल्कि बिलासपुर को सेवा दे रही एलाइंए एयर कंपनी की उड़ानों में बंटवारा कर दिया है.

बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर में हवाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एक अकेली एलाइंस एयर पर्याप्त नहीं है, उसके पास सीमित संख्या में ही विमान है. इसके बाद भी राज्य सरकार लगातार मांग के बाद भी ओपन टेंडर के माध्यम से अन्य एयरलाइंस को आमंत्रित नहीं कर रही है. उसके स्थान पर एलाइंस एयर को ही बिलासपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर से उड़ानों की जिम्मेदारी सौंप दी है. समिति ने बताया कि राज्य शासन ने ही एलाइंस एयर से रायपुर- जगदलपुर-हैदराबाद की उड़ान प्रारंभ कराई है, जबकि रायपुर से पहले से इंडिगो के तीन बड़े विमान हैदराबाद के लिए चल रहे है.

सड़क पर बन रही बाउंड्रीवॉल से बढ़ा खतरा

पेंड्रा अमरपुर। पेंड्रा मुख्य मार्ग पर बन रही बाउंड्रीवॉल को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता और आक्रोश बढ़ता जा रहा है. आरोप है कि कृषि मंडी के सचिव द्वारा ठेकेदार के माध्यम से सड़क पर ही बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है.

जानकारी के अनुसार, यह निर्माण कार्य प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पेंड्रा से पदगंवा- झाबर मार्ग को जोड़ने वाली सड़क पर किया जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के किनारे की बजाय बीच मार्ग के काफी करीब बाउंड्री वॉल खड़ी की जा रही है, जिससे सड़क की चौड़ाई कम हो रही है. और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है. ग्रामीणों ने इस निर्माण को नियमों के विरुद्ध बताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है.

उनका कहना है कि यदि समय रहते इस कार्य को नहीं रोका गया, तो भविष्य में गंभीर हादसे हो सकते हैं. फिलहाल क्षेत्रवासियों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है. अब देखना होगा कि अधिकारी इस गंभीर मामले में कब तक ठोस कदम उठाते हैं और लोगों को संभावित खतरे से राहत दिलाते हैं.

जांच के बाद होगी कार्रवाई: दीक्षित

मामले को लेकर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारी अनंत दीक्षित ने बताया कि उन्हें इस संबंध में जानकारी मिली है. उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच की जाएगी और यदि निर्माण कार्य नियमों के खिलाफ पाया जाता है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी.

बिलासपुर मुख्य मार्ग से शराब दुकान को हटाने की मांग

पेंड्रा अमरपुर। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) एवं बजरंगदल मातृशक्ति दुर्गावाहिनी जिला इकाई ने बिलासपुर मुख्य मार्ग, पेंड्रा पर स्थित शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने हेतु कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है. संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि 20 दिनों के भीतर जनहित में यह कदम नहीं उठाया गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा.

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि उक्त शराब दुकान के समीप ही डॉ. भवर सिंह पोर्ते कॉलेज स्थित है. कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं और छात्रों को दिनभर नशेड़ियों की मौजूदगी के कारण भारी असहजता और असुरक्षा का सामना करना पड़ता है.

मुख्य मार्ग पर शराबियों का जमावड़ा न केवल शैक्षिक वातावरण को दूषित कर रहा है, बल्कि राहगीरों के लिए भी मुसीबत बना हुआ है. विहिप पदाधिकारियों ने बताया कि शराब दुकान के बाहर अक्सर शराबी यातायात नियमों की धज्जियाँ उड़ाते हैं. गलत तरीके से वाहनों की पार्किंग और नशे की हालत में विवाद के कारण आए दिन यहाँ लड़ाई-झगड़े और सड़क हादसे हो रहे हैं.

मुख्य मार्ग का पूरा परिवेश इस दुकान की वजह से दूषित हो चुका है. वहीं इस मांग को लेकर स्वामी कृष्ण प्रपन्नाचार्य महराज, जिला उपाध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद सरोज पवार, जिला संयोजक बजरंगदल सागर पटेल, जिला संयोजिका दुर्गावाहिनी आकांक्षा साहू, जिला संयोजिका मातृशक्ति प्रिया त्रिवेदी, जिला सह मंत्री निखिल परिहार, प्रदीप कुमार, बृजेश सोनी, अनुराग पांडे, रविन्द्र कुमार, पुरान, राहुल, सुमी साहू एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे.

जोन के प्रमुख स्टेशनों पर अवैध वेंडिंग रोकने सख्ती के निर्देश

बिलासपुर. रेलवे स्टेशनों पर बढ़ रही अवैध वेंडिंग की गतिविधियों को लेकर रेलवे प्रशासन ने सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं. इस संबंध में रेलवे मुख्यालय की ओर से सुरक्षा विभाग को पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है. जारी पत्र में

उल्लेख किया गया है कि कई प्रमुख स्टेशनों, विशेष रूप से बिलासपुर रेलवे स्टेशन सहित अन्य स्टेशनों पर अनधिकृत वेंडरों की गतिविधियां देखी जा रही हैं. इससे स्टेशन परिसर में व्यवस्था, स्वच्छता और यात्रियों की सुविधा प्रभावित होने की आशंका जताई गई है. पत्र में यह भी कहा गया है कि कई अवैध वेंडर निर्धारित नियमों और मानकों का पालन नहीं करते, जिससे अधिकृत स्टॉल संचालकों और यात्रियों दोनों को परेशानी होती है.

इस स्थिति को देखते हुए नियमित निगरानी औचक निरीक्षण और आवश्यकतानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं. रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्टेशन परिसर में केवल अधिकृत वेंडरों को ही संचालन की अनुमति दी जाएगी और अनधिकृत गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. यह कदम यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता और सुव्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है.

स्कूटी सवार युवती से सोने स्नैचिंग

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात चेन स्नेचिंग की घटना सामने आई है. दो युवक स्कूटी सवार युवती के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. प्रार्थी शोभना भाण्डेकर ने पुलिस को बताया कि वह वैष्णवी विहार, मंगला में रहती है और उमंग अस्पताल में कार्यरत है.

23 मार्च की रात 10 बजे वह अपने भाई दीपांशु भाण्डेकर के साथ स्टेशन से स्कूटी क्र. सीजी- 10, बीएम-4802 से घर लौट रही थी . व्यापार विहार रोड होते हुए रामा पोर्ट के पास पहुंचे ही थे कि गड्ढे में गिरकर बंद हो गई. इसके बाद दोनों भाई-बहन स्कूटी को लेकर पल्लव भवन के सामने पेट्रोल पंप के पास पहुंचे.

इसी दौरान अचानक एक युवक उनके पास आया और गले में पहने करीब एक तोला वजनी सोने की चैन को झपट लिया और भाग गए. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी डिवाइडर पार कर पहले से स्टार्ट बाइक पर बैठकर अपने साथी के साथ फरार हो गया. सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 3 ( 5 ) एवं 304 (2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों की तलाश की जा रही है.

दिन का तापमान पहुंचा 37 डिग्री

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ का मौसम कुछ दिनों पहले अचानक बदल गया. इसके साथ ही कई जिलों में आंधी- तूफान के साथ बारिश हुई तो कई जिलों में गाज गिरने के साथ ही ओले भी जमकर गिरे. इसका असर बिलासपुर जिले में भी पड़ा.

ठंडी हवा और बारिश के कारण इसका तापमान गिरने लगा और शनिवार 21 मार्च को बिलासपुर का अधिकतम तापमान 31.4 और न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री तक गिर गया. इसके बाद मौसम के ठीक होते ही एक बार फिर तापमान बढ़ने लगा है और चार दिन बाद ही बिलासपुर का अधिकतम तापमान 5.6 डिग्री बढ़कर 37 डिग्री तक पहुंच गया. वहीं न्यूनतम तापमान भी 4.3 डिग्री से बढ़कर 20.8 डिग्री तक पहुंच गया.

इस तरह मात्र चार दिन में ही दिन का अधिकतम तापमान 5.6 तो रात का 4.3 डिग्री तक बढ़ गया. इसके कारण लोगों को एक बार दिन में तेज धूप के साथ गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. वहीं रात को भी मौसम गर्म हो गया है. जिले में एक बार फिर तेज गर्मी पड़ने के कारण लोगों को अब इससे बचने कूलर और एसी का सहारा लेना पड़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार भी आने वाले 4 दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री और बढ़ सकता है. ऐसा हुआ तो लोगों को प्रचंड गर्मी का सामना करना पड़ेगा .

बारिश की संभावना आज भी

प्रदेश में कल दिनांक 25 मार्च को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने और वज्रपात होने की भी संभावना है. प्रदेश में अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है, किंतु बस्तर संभाग के जिलों में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है. वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः दक्षिण छत्तीसगढ़ के जिले संभावित है. प्रदेश के शेष भाग शुष्क रहने की सम्भावना है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m