दिल्ली के उत्तम नगर में 27 वर्षीय तरुण बुटोलिया की मौत के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अहम टिप्पणी की है। मामले की सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता हरि शंकर जैन ने इसे “निर्दयी लिंचिंग” बताते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग की। रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले पर सुनवाई कर रही बेंच में शामिल मुख्य न्यायाधीश एस. सूर्यकांत ने कहा कि CBI पहले से कई मामलों में व्यस्त है और दिल्ली पुलिस एक पेशेवर फोर्स है। ऐसे में इसे कम आंकना सही नहीं होगा।

सीजेआई ने टिप्पणी करते हुए कहा “यहां हर रोज सीबीआई वाले आते हैं और कहते हैं कि उनके पास बहुत केस हैं। दिल्ली पुलिस एक प्रोफेशनल फोर्स है, उसका हौसला क्यों तोड़ा जाए? हां, अगर पुलिस को और ज्यादा संवेदनशील बनाने की जरूरत है, तो आप पहले पुलिस कमिश्नर से बात कर सकते हैं।”

पीड़ित परिवार की सुरक्षा को दिल्ली पुलिस देख सकती

दिल्ली के उत्तम नगर में 27 वर्षीय युवक तरुण बुटोलिया की असामयिक मौत से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अहम निर्देश दिए हैं।कोर्ट ने कहा कि याचिका में मांगी गई कुछ राहतें प्रशासनिक प्रकृति की हैं, जिन्हें सीधे अदालत से नहीं, बल्कि संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से हल किया जा सकता है। सुप्रीम कोर्ट ने पीड़ित परिवार की सुरक्षा को लेकर यह स्पष्ट किया कि इसे देखना और सुनिश्चित करना दिल्ली पुलिस की जिम्मेदारी है। साथ ही अदालत ने याचिकाकर्ता को पुलिस कमिश्नर के सामने अपनी बात रखने की अनुमति दी।

 दिल्ली हाईकोर्ट का रुख कर सकते

कोर्ट ने स्पष्ट किया कि यदि दिल्ली पुलिस को किसी प्रकार का खतरा महसूस होता है, तो आवश्यक सुरक्षा और अन्य कदम तुरंत उठाए जाएंगे। इसके अलावा, अगर याचिकाकर्ता की शिकायत का समाधान नहीं होता, तो वह आगे जाकर दिल्ली हाईकोर्ट का रुख कर सकता है।

गुब्बारा फेंकने से शुरू हुआ था विवाद

दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दौरान दो परिवारों के बीच हुई झड़प में 26 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब पीड़ित परिवार की एक छोटी बच्ची ने पानी का गुब्बारा फेंका। यह गुब्बारा पास से गुजर रही महिला सायरा उर्फ काली पर फट गया, जिससे उसके ऊपर पानी के छींटे पड़े। छोटी घटना से भड़की बहस और हाथापाई धीरे-धीरे हिंसक झड़प में बदल गई, जिसका अंत दर्दनाक रूप में हुआ।

होली के दिन दो परिवारों के बीच शुरू हुआ विवाद चार मार्च को जेजे कॉलोनी में हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस के अनुसार, झड़प के दौरान कथित तौर पर कई लोगों ने 26 वर्षीय तरुण बुटोलिया पर हमला किया। गंभीर रूप से घायल तरुण को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी चोटें घातक साबित हुईं और उन्होंने पांच मार्च को दम तोड़ दिया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m