Rohtas Bus Accident: बिहार के रोहतास में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां एक स्कूली बच्चों से भरी एक बस की एक ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी की बस में सवार दो शिक्षकों की मौके पर मौत हो गई। वहीं, 10 अधिक स्कूली बच्चे घायल हो गए। घटना परसथुआ थाना क्षेत्र के पास मोहनिया-आरा मार्ग पर हुई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।

शैक्षणिक टूर पर पटना जा रहा था बस

मिली जानकारी के अनुसार, कैमूर जिले के चैनपुर स्थित मध्य विद्यालय बढोना से छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक टूर के लिए पटना ले जाया जा रहा था। इस दौरान स्कूली बच्चों और शिक्षकों से भरी बस, जैसे ही बस रोहतास जिले के परसथुआ के पास मोहनिया-आरा पथ पर पहुंची, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से उसकी भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

दो शिक्षकों की मौके पर ही मौत

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में जहां दो शिक्षकों की मौत हो गई। वहीं, कई स्कूल बच्चे घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए आसपास के लोगों की मदद से सासाराम सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छोड़ दिया गया।

चार अन्य शिक्षक बुरी तरह घायल

मृतक शिक्षकों की पहचान कैमूर जिले के भैंसहर गांव निवासी संजय कुमार राय और यूपी के मिर्जापुर जिले के बगहवा गांव निवासी पुनीत कुमार सिंह के रूप में हुई है। उनके मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इसके अलावा हादसे में चार अन्य शिक्षक भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

छानबीन में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई। फिलहाल प्रारंभिक जांच में पुलिस तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह मान रही है। हालांकि हादसे के अन्य कारणों को लेकर भी पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

ये भी पढ़ें- अनंत सिंह के क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमला, दरोगा समेत कई पुलिसकर्मी घायल, नाबालिग समेत 4 गिरफ्तार