बिलासपुर। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर प्रशासन ने कार्रवाई की है। माइनिंग विभाग की टीम ने तीन दिन में 14 वाहन जब्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर की गई।

दरअसल, जिला प्रशासन और माइनिंग विभाग की सर्जिकल स्ट्राइक में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 23 से 25 मार्च तक खनिज अमला बिलासपुर की ओर से काठकोनी, देवरीखुर्द, खम्हरिया, सकरी, निरतु, सेंदरी, मंगला, तुरकाडीह, लोखंडी, लोफण्डी, दर्रीघाट, लावर, जयरामनगर कोटा, करही कच्छार और पहन्दा क्षेत्र की जांच की गई। जांच के दौरान खम्हरिया क्षेत्र से खनिज मिट्टी का अवैध उत्खनन करते 1 जेसीबी व 1 ट्रैक्टर ट्राली जब्त किया गया। सकरी क्षेत्र से खनिज मिट्टी ईट का अवैध परिवहन करते 2 ट्रैक्टर ट्राली जब्त की गई। वहीं जयरामनगर क्षेत्र से खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन करते 3 हाइवा, 1 ट्रैक्टर ट्राली को जब्त किया गया। इधर सेंदरी क्षेत्र से खनिज रेत का अवैध परिवहन करते 3 ट्रेक्टर ट्राली जब्त की गई।

इसके अलावा करही कच्छार क्षेत्र से खनिज रेत का अवैध परिवहन करते 1 ट्रेक्टर ट्राली को जब्त किया गया। पहन्दा क्षेत्र से खनिज रेत का अवैध परिवहन करते 1 ट्रेक्टर ट्राली को जब्त की गई। वहीं लोफण्डी क्षेत्र से खनिज रेत का अवैध परिवहन करते 1 ट्रैक्टर ट्राली को जब्त किया गया। इस प्रकार जब्त कुल 14 वाहनों को पुलिस थाना कोनी, कोटा, पुलिस सहायता केंद्र केंदा और जांच चौकी लावर में रखा गया है।