बक्सर। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भोजपुर और बक्सर में करोड़ों की योजनाओं का उपहार देते हुए पूर्ववर्ती लालू सरकार पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने विकास योजनाओं का शिलान्यास करने के साथ-साथ यह स्पष्ट कर दिया कि बिहार की नई सरकार पूरी तरह से उनके द्वारा तय किए गए विकास के रोडमैप पर ही चलेगी।
विजय सिन्हा की थपथपाई पीठ
कार्यक्रम के दौरान एक खास दृश्य तब देखने को मिला जब अपना संबोधन समाप्त कर लौटे उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पीठ थपथपाई। विजय सिन्हा ने अपने भाषण में सरकार की उपलब्धियों का विस्तार से बखान किया था। वहीं, मंत्री अशोक चौधरी ने मंच से घोषणा की कि बिहार में भविष्य में बनने वाली कोई भी सरकार नीतीश कुमार के दिखाए रास्तों और नीतियों पर ही आगे बढ़ेगी।
भोजपुर को मिली 269 करोड़ की सौगात
मुख्यमंत्री ने भोजपुर जिले में विकास की रफ्तार को तेज करते हुए 227 विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया। लगभग 269 करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं में मुख्य रूप से ग्रामीण सड़कों का निर्माण, गलियों और नालियों का पक्कीकरण, सामुदायिक भवन और जल संरक्षण के लिए चेकडैम शामिल हैं। पीरो, तरारी और शाहपुर जैसे प्रखंडों में जीविका मार्ट और सिंचाई परियोजनाओं से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
शाम को घर से निकलने में लगता था डर
बक्सर में जनसभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने 2005 से पहले के दौर की याद दिलाई। उन्होंने कहा, 24 नवंबर 2005 से पहले राज्य की स्थिति बदतर थी। लोग शाम होते ही घरों में दुबक जाते थे। शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चौपट थी। उन्होंने जोर देकर कहा कि एनडीए शासन में ही बिहार में कानून का राज स्थापित हुआ और विकास की नींव रखी गई।
बीच भाषण में जाने वाली महिलाओं को टोका
संबोधन के दौरान जब कुछ महिलाएं उठकर जाने लगीं, तो मुख्यमंत्री ने उन्हें रोकते हुए चुटीले अंदाज में कहा, काहे भाग रही हो सब? पूरी बात जानोगी तभी तो आगे बोल पाओगी। ऐसे बीच में जाना ठीक नहीं है।
सम्राट चौधरी का वामन अवतार मंदिर पर बड़ा बयान
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने बक्सर जेल परिसर में स्थित भगवान वामन के मंदिर का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मंदिर में दर्शन के लिए जेलर की अनुमति लेनी पड़ती है, लेकिन जल्द ही भगवान वामन जेल से बाहर आएंगे और श्रद्धालु सुगमता से दर्शन कर सकेंगे। उन्होंने यह भी दोहराया कि बिहार की सत्ता की कमान नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही सुरक्षित है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

