Bihar Weather Report: बिहार में पिछले दो दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम में एक बार फिर से बड़ा बदलाव होने वाला है। दरअसल मौसम विभाग ने रामनवमी के दिन 27 मार्च को गरज-चमक के साथ तेज बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। इस दौरान आंधी के साथ आसमान से आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। इसे लेकर विभाग ने कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।

जानें आज कैसा रहेगा मौसम?

आज की बात करें तो मौसम विभाग ने बिहार में आज कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। हालांकि इसके अलावा अन्य जिलों में मौसम के सामान्य बने रहने की उम्मीद है।

18 जिलों में गिरेंगे ओले

मौसम विभाग ने रामनवमी के दिन 27 मार्च को बिहार में मौसम के ज्यादा खराब रहने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पूरे बिहार में तेज गरज-चमक के साथ भारी बारिश और 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, आसामन से आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा। मौसम विभाग ने दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, और अरवल सहित कुल 18 जिलों में ओलावृष्टि होने को लेकर भी अलर्ट जारी किया है।

30 मार्च तक आंधी-बारिश का खतरा

मौसम विभाग के अनुसार 30 मार्च तक बारिश वाला मौसम रहेगा। विभाग ने इन दिनों के लिए पूरे बिहार में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पूरे प्रदेश में आंधी, बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। हालांकि राजधानी पटना में सिर्फ 27 मार्च को मौसम के खराब रहने और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बाकी दिन मौसम शुष्क बना रहेगा।

सेहत पर पड़ सकता है बुरा असर

मौसम के इस उतार-चढ़ाव का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ सकता है। कभी ठंड तो कभी गर्मी के कारण सर्दी-खांसी और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में डॉक्टरों ने लोगों को परतदार कपड़े पहनें, पर्याप्त पानी पिने और ताजा भोजन करने की सलाह दी है। इसके साथ ही बारिश के दौरान भीगने से बचने की सला दी है।

फसलों को हुआ भारी नुकसान

पिछले दिनों बमौसम हुए आंधी-बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया था। बारिश के होने से कटाई के लिए तैयार गेहूं और मक्का की फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गए। वहीं, खेतों में हुए जलजमाव के कारण सब्जियों और आम व लीची के भी फसलों को नुकसान पहुंचा। कई जिलों में फसलों के 60 फीसदी तक नुकसान होने का अनुमान जताया गया है। ऐसे में यदि फिर से बारिश होती है, तो बचे-कुचे फसलों के भी बर्बाद होने का खतरा पैदा हो गया है।

ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: एफसीएम थेरेपी अभियान का शुभारंभ आज, मंदिरी नाले पर बने सड़क का उद्घाटन, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की समीक्षा बैठक, कांग्रेस कार्यालय में PC, सम्राट अशोक जयंती पर भव्य समारोह का आयोजन, एक नजर आज के होने वाले बड़े कार्यक्रमों पर…