राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को छिंदवाड़ा और नवगठित जिले पांढुर्णा के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे दोनों जिलों को कुल 869 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों की सौगात देंगे। छिंदवाड़ा जिले में 506.29 करोड़ रुपये की लागत से 105 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जाएगा, जबकि पांढुर्णा जिले में 362.80 करोड़ रुपये की लागत से 67 विकास कार्यों का शुभारंभ होगा।


कार्यक्रम की समय-सारणी

  • सुबह 10 बजे: मुख्यमंत्री एयरस्ट्रिप उज्जैन से छिंदवाड़ा के लिए रवाना होंगे।
  • 11 बजे: छिंदवाड़ा पहुंचेंगे।
  • 11.30 बजे: सौंसर (जिला पांढुर्णा) पहुंचेंगे।
  • 11.35 बजे: हनुमान लोक पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।


दोपहर 12.35 बजे सभा स्थल पर पहुंचकर वे विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन करेंगे, हितलाभ वितरण करेंगे और खनिज विभाग के नियुक्ति पत्रों का वितरण भी करेंगे।इसके बाद दोपहर 2 बजे हेलीपेड सौंसर से रवाना होकर 2.35 बजे श्री रामेश्वर धाम, सिहोरामाल (सिवनी रोड, छिंदवाड़ा) पहुंचेंगे। यहां वे चौरई के सिहोरा माल में आयोजित सहस्त्र कुंडिय महायज्ञ में शामिल होंगे। शाम 3.30 बजे छिंदवाड़ा पहुंचकर मुख्यमंत्री लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम के साथ-साथ संबल योजना अंतर्गत राशि का सिंगल क्लिक से ट्रांसफर और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की राशि का वितरण करेंगे।

अब मंत्रियों को दो दिन मंत्रालय में होगा बैठना

मध्य प्रदेश सरकार और भाजपा अब मंत्रियों की जनता से सीधी जुड़ाव को और मजबूत करने जा रही है। पार्टी कार्यालय में नियमित बैठकों के बाद अब मंत्रियों को सप्ताह में दो दिन अपने मंत्रालय स्थित कक्ष में बैठकर आम लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करनी होगी। सूत्रों के अनुसार, यह नया नियम जल्द ही लागू किया जाएगा। इसके तहत सभी मंत्री सप्ताह में दो निर्धारित दिनों को मंत्रालय में बैठेंगे, जहां वे जनसुनवाई करेंगे। जनता और कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनने के बाद वे संबंधित अधिकारियों को तुरंत निर्देश दे सकेंगे, जिससे समस्याओं का तेजी से निपटारा हो सकेगा।

वर्तमान व्यवस्था क्या है?

फिलहाल मंत्री बारी-बारी से भाजपा प्रदेश कार्यालय में बैठकर पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं। अब सरकार इस व्यवस्था को आगे बढ़ाते हुए मंत्रियों को अपने-अपने मंत्रालय में भी जनता से सीधा संवाद करने का मौका देगी। इस नई व्यवस्था से मंत्रियों को न सिर्फ पार्टी कार्यकर्ताओं बल्कि आम नागरिकों की समस्याएं भी सीधे सुनने और उन्हें हल करने का मौका मिलेगा। अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश देने से फाइलों की दौड़ कम होगी और निर्णय प्रक्रिया तेज होगी।

मध्य प्रदेश सरकार का संविदा कर्मचारियों के हित में बड़ा कदम

मध्य प्रदेश सरकार ने संविदा कर्मचारियों के हित में एक अहम कदम उठाते हुए सभी विभागों, निगमों, मंडलों और सरकारी संस्थाओं को संविदा नीति 2023 को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने सभी अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिवों को पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधीनस्थ विभागों, परियोजनाओं, निगम-मंडलों और अन्य सरकारी संस्थाओं में कार्यरत संविदा कर्मचारियों पर संविदा नीति 2023 का पूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। विभागों से इस नीति के क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी गई है। प्रदेश में विभिन्न विभागों, निगमों और सरकारी संस्थाओं में डेढ़ लाख से अधिक संविदा कर्मचारी कार्यरत हैं।

संविदा नीति 2023 के प्रमुख प्रावधान

  • संविदा कर्मचारियों को अनुकंपा नियुक्ति का लाभ
  • विभिन्न प्रकार के अवकाश (leave) के लाभ
  • अन्य सेवा संबंधी सुविधाएं

पहले निगमों और मंडलों को इस नीति को अपने स्तर पर लागू करने का अधिकार दिया गया था, लेकिन अब सरकार इसके वास्तविक और एकसमान क्रियान्वयन की समीक्षा कर रही है। सरकार का मानना है कि नीति का लाभ सभी संविदा कर्मचारियों तक बिना किसी भेदभाव के पहुंचना चाहिए। इस निर्देश के बाद अब सभी विभागों को स्पष्ट रूप से बताना होगा कि उनके अधीन कितने संविदा कर्मचारी कार्यरत हैं और उनमें से कितनों को संविदा नीति 2023 के तहत दिए जाने वाले लाभ लागू किए गए हैं।

दिग्विजय सिंह आज करेंगे रामलला के दर्शन 

 मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह आज रामनवमी के पावन अवसर पर अयोध्या पहुंच रहे हैं। वे भगवान रामलला के दर्शन करेंगे। राम मंदिर के शिलान्यास के बाद यह पहला मौका है जब दिग्विजय सिंह अयोध्या जाकर राम मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे।दिग्विजय सिंह सुबह 9:40 बजे अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद उनका कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा:

  • हनुमानगढ़ी के दर्शन
  • राम मंदिर में रामलला के दर्शन एवं पूजन
  • कनक भवन में दर्शन


दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर निर्माण के लिए 1 लाख 11 हजार रुपये का चंदा पहले ही दिया था। इस दौरे को इसलिए भी काफी महत्व दिया जा रहा है क्योंकि वे राम मंदिर आंदोलन के दौरान कांग्रेस की ओर से सक्रिय रहे थे और अब राम मंदिर बनने के बाद पहली बार वहां जा रहे हैं।

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह रायसेन में कृषि मेला तैयारियों का करेंगे निरीक्षण

रायसेन में आगामी 11 अप्रैल से 13 अप्रैल 2026 तक कृषि महोत्सव प्रदर्शनी एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार एवं राज्य शासन के समन्वय से किया जा रहा है। केन्द्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा आज 26 मार्च को रायसेन में कार्यक्रम स्थल का भ्रमण किया जाएगा तथा तैयारियों की जानकारी ली जाएगी। केन्द्रीय मंत्री चौहान आज सुबह 11 बजे भोपाल से प्रस्थान कर दोपहर 12 बजे रायसेन पहुचेंगे तथा यहां राम मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके उपरांत दोपहर 12.15 बजे दशहरा मैदान पहुचेंगे तथा कृषि मेला तैयारी का निरीक्षण एवं भूमिपूजन करेंगे। केन्द्रीय मंत्री चौहान दोपहर 12.45 बजे अधिकारियों के साथ बैठक लेंगे तथा दोपहर 01.15 बजे कृषि मेले के संबंध में पत्रकारों से वार्ता करेंगे। इसके पश्चात केन्द्रीय मंत्री दोपहर 01.45 बजे रायसेन से विदिशा के लिए प्रस्थान करेंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m