Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (25 मार्च 2026) की खबरों में जजों की सुरक्षा पर दिल्ली हाई कोर्ट सख्त, क्या है ‘अनमोल’ योजना? रेखा सरकार ने बजट में किया ऐलान, दिल्ली पुलिस ने किया अंतरराष्ट्रीय हथियार सप्लाई मॉड्यूल का भंडाफोड़, उत्तम नगर मामला: सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली पुलिस पर जताया भरोसा, पालम अग्निकांड: दिल्ली के मुख्य सचिव और पुलिस कमिश्नर को NHRC ने नोटिस प्रमुख रहा।

जजों की सुरक्षा पर दिल्ली हाई कोर्ट सख्त
राजधानी में न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए संबंधित एजेंसियों को तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। जस्टिस मनोज जैन की बेंच ने सुनवाई के दौरान दिल्ली सरकार, दिल्ली पुलिस (Delhi Police) और गृह मंत्रालय (Home Ministry) को निर्देश दिया कि वे एक सप्ताह के भीतर संयुक्त बैठक करें। इस बैठक में न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस निर्णय लिया जाए और उसकी रिपोर्ट अदालत में पेश की जाए। यह मामला ज्यूडिशियल सर्विसेज एसोसिएशन द्वारा दायर याचिका के जरिए कोर्ट के समक्ष आया है, जिसमें जजों और न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है।

क्या है ‘अनमोल’ योजना? रेखा सरकार ने बजट में किया ऐलान
राजधानी में स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर दिल्ली सरकार ने बजट में आंशिक बढ़ोतरी की है। इस वर्ष स्वास्थ्य बजट में पिछले साल के मुकाबले 137 करोड़ रुपये की वृद्धि करते हुए कुल 13,030 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जो कुल बजट का 12.57 प्रतिशत है। सरकार ने इस बजट में नवजात शिशुओं की देखभाल को प्राथमिकता देते हुए ‘अनमोल’ नामक एक विशेष योजना की घोषणा की है। इस योजना पर 25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

दिल्ली पुलिस ने किया अंतरराष्ट्रीय हथियार सप्लाई मॉड्यूल का भंडाफोड़
राजधानी दिल्ली में दिल्ली पुलिस (Delhi Police) की क्राइम ब्रांच ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस के मुताबिक, इस मॉड्यूल के तार पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश तक जुड़े हुए हैं, जहां से अवैध हथियारों की सप्लाई की जाती थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने इस गिरोह से जुड़े 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं, जिनमें 21 विदेशी पिस्टल, मशीन गन, ऑटोमेटिक पिस्टल करीब 200 जिंदा कारतूस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह संगठित तरीके से देश के अलग-अलग हिस्सों में अवैध हथियारों की सप्लाई करता था। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सप्लाई चैन का पता लगाने में जुटी है।

उत्तम नगर मामला: सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली पुलिस पर जताया भरोसा
दिल्ली के उत्तम नगर में 27 वर्षीय तरुण बुटोलिया की मौत के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अहम टिप्पणी की है। मामले की सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता हरि शंकर जैन ने इसे “निर्दयी लिंचिंग” बताते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग की। रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले पर सुनवाई कर रही बेंच में शामिल मुख्य न्यायाधीश एस. सूर्यकांत ने कहा कि CBI पहले से कई मामलों में व्यस्त है और दिल्ली पुलिस एक पेशेवर फोर्स है। ऐसे में इसे कम आंकना सही नहीं होगा।

पालम अग्निकांड: दिल्ली के मुख्य सचिव और पुलिस कमिश्नर को NHRC ने नोटिस
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने दिल्ली के पालम में 18 मार्च 2026 को हुई आग की घटना का स्वतः संज्ञान लिया है। घटना में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत और 3 अन्य घायल हो गए थे। आयोग ने दिल्ली के मुख्य सचिव और दिल्ली पुलिस कमिश्नर को नोटिस जारी करते हुए दो हफ्ते के भीतर रिपोर्ट पेश करने को कहा है। आयोग ने अपने बयान में कहा कि मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फायर ब्रिगेड की हाइड्रोलिक क्रेन में तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके चलते बचाव अभियान समय पर पूरी तरह से नहीं हो सका।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
Delhi Karol Bagh Bus Accident: राजधानी दिल्ली के करोल बाग इलाके में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। झंडेवालान हनुमान मंदिर के पास यात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 2 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। (पढ़े पूरी खबर)
कांग्रेस को खाली करना होगा 24 अकबर रोड वाला दफ्तर: इंडियन नेशनल कांग्रेस (INC) को अपने ऐतिहासिक मुख्यालय को लेकर बड़ा प्रशासनिक झटका लगा है। पार्टी को 24 अकबर रोड स्थित ऑफिस जल्द खाली करना पड़ सकता है। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, एस्टेट विभाग ने बुधवार को नोटिस जारी कर पार्टी को 28 मार्च तक यह दफ्तर खाली करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही इंडियन यूथ कांग्रेस के 5 रायसीना रोड स्थित कार्यालय के लिए भी इसी समयसीमा के साथ एक अलग नोटिस जारी किया गया है। इन नोटिसों के बाद कांग्रेस अब कानूनी और राजनीतिक विकल्पों पर विचार कर रही है। पार्टी अदालत से राहत की उम्मीद के साथ-साथ सरकार से समय मांगने की रणनीति भी बना रही है। (पढ़े पूरी खबर)
परिसीमन के बाद दिल्ली में बढ़ेगा राजनीतिक प्रतिनिधित्व: देश में प्रस्तावित परिसीमन के बाद राजनीतिक प्रतिनिधित्व में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। जानकारी के मुताबिक, लोकसभा की कुल सीटों की संख्या मौजूदा 543 से बढ़कर करीब 816 हो सकती है। इस प्रस्तावित बदलाव में महिलाओं को भी बड़ा प्रतिनिधित्व देने की तैयारी है। अनुमान है कि कुल सीटों में से लगभग 273 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जा सकती हैं, जिससे संसद में उनकी भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। फिलहाल दिल्ली में लोकसभा की 7 सीटें हैं। परिसीमन के बाद इनमें करीब 50 फीसदी बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे सांसदों की संख्या बढ़कर 11 हो सकती है। वर्तमान में दिल्ली विधानसभा में 70 विधायक हैं। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली विधानसभा को फिर बम से उड़ाने की धमकी: राजधानी दिल्ली में सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। दिल्ली विधानसभा को लगातार दूसरे दिन बम से उड़ाने की धमकी मिली है। विधानसभा स्पीकर के ओएसडी को भेजे गए ईमेल में दावा किया गया है कि भवन में 16 आईईडी बम लगाए गए हैं, जो दोपहर 1:40 बजे विस्फोट करेंगे। यह धमकी ऐसे समय में आई है, जब विधानसभा का बजट सत्र जारी है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है। धमकी मिलते ही दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। पूरे परिसर को खाली कराया गया और बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) के साथ सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में बच्ची से दुष्कर्म मामले में 72 वर्षीय बुजुर्ग को 20 साल की सजा: दिल्ली की तीस हजारी स्थित पॉक्सो अदालत ने आठ वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म के मामले में 72 वर्षीय आरोपी वीर भान को 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने इसके साथ ही आरोपी पर 50,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया। मामले की सुनवाई अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश बबिता पुनिया की अदालत में हुई, जिसमें आरोपी को पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 और बीएनएस की धारा 65(2) व 351(2) के तहत दोषी ठहराया गया। अदालत ने सजा सुनाते हुए कहा “यह केवल अपराध नहीं है, बल्कि बचपन और राष्ट्र के भविष्य पर हमला है।” (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में अवैध एलपीजी रैकेट का भंडाफोड़: दिल्ली के संगम विहार में क्राइम ब्रांच ने अवैध एलपीजी रैकेट का भंडाफोड़ किया और बड़ी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान 183 इंडेन गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं। मामले में 4 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और उनकी पहचान व रैकेट के अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है। क्राइम ब्रांच का कहना है कि यह रैकेट पिछले लंबे समय से अवैध तरीके से गैस सिलेंडर की सप्लाई कर रहा था, जिससे आम जनता और सुरक्षा दोनों को खतरा था। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

