Ram Navami 2026: बिहार समेत देशभर में कल शुक्रवार को बड़े ही धूमधाम के साथ रामनवमी का त्योहार मनाया जाएगा। इस अवसर पर राजधानी पटना भगवान राम के भक्ति में सराबोर होने के लिए तैयार है। इसके साथ ही रामनवमी पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह से सतर्क और हाई अलर्ट पर है। बता दें कि रामनवमी के अवसर पर निकाली जा रही शोभा यात्रा में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी शामिल होंगे।
धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
रामनवमी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने डाक बंगला चौराहा स्थित महावीर हनुमान मंदिर समेत कई प्रमुख धार्मिक जगहों को संवेदनशील जोन घोषित किया है। प्रशासन यहां आने-जाने वाले हर शख्स पर कड़ी नजर रख रहा है। वहीं, सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कोई असुविधा न हो और रामनवमी का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
52 से अधिक भव्य झांकियों का प्रदर्शन
इस वर्ष रामनवमी के अवसर पर पटना में कुल 52 भव्य झांकियां निकाली जाएंगी। इस मौके पर पूरे शहर को 2 लाख भगवा ध्वजों से सजाया जा रहा है। मंदिर के गर्भगृह के दर्शन के लिए शहर में 30 LED स्क्रीन लगाई जाएंगी, ताकि कतार में खड़े लोग भी लाइव दर्शन कर सकें। इसके अलावा प्रसाद वितरण, वीआईपी दर्शन और पार्किंग को लेकर भी व्यवस्था की गई है।
1500 से अधिक पुलिस बल की तैनाती
रामनवमी के अवसर पर पटना में अलग-अलग धार्मिक स्थलों पर 15 सौ से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। इनमें लोकल के साथ बाहरी फोर्स भी शामिल हैं। प्रशासन त्योहार को लेकर पूरी सतर्कता बरत रही है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं, जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होने पर उससे तुरंत निपटा जा सके। वहीं, इस दौरान कंट्रोल रूम 24 घंटे एक्टिव रहेगा।
रामनवमी के दिन तेज आंधी-पानी का खतरा
मौसम विभाग ने रामनवमी के दिन 27 मार्च को गरज-चमक के साथ तेज बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। इस दौरान आंधी के साथ आसमान से आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। इसे लेकर विभाग ने कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग ने दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, और अरवल सहित कुल 18 जिलों में ओलावृष्टि होने को लेकर भी अलर्ट जारी किया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

