अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले के सासाराम नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनुसराय मोहल्ले में बीती रात बुधवार को एक दंपति ने जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया है। फिलहाल दोनों का सासाराम स्थित सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

पारिवारिक विवाद में खाया जहर

घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि लखनुसराय मोहल्ला निवासी पवन कुमार का अपनी पत्नी कविता कुमारी से बीते तीन-चार दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार की देर रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ और फिर आवेश में आकर दोनों ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ता देख परिजनों ने घटना की जानकारी 112 पुलिस को दी, इसके बाद दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पिछले वर्ष हुई थी शादी

प्राप्त जानकारी के अनुसार पवन एवं कविता की शादी पिछले वर्ष हुई थी और दोनों को अभी तक कोई संतान भी नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शुरुआत में इनका दाम्पत्य जीवन काफी मधुर था और दोनों एक-दूसरे को काफी प्रेम भी करते थे, लेकिन हाल के दिनों में दोनों के बीच किसी बात को लेकर लगातार झगड़ा चल रहा था, इसके बाद यह नौबत आई।

जांच में जुटी पुलिस

वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची सासाराम नगर थाने की पुलिस ने परिजनों से पूछताछ करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है और बेहतर इलाज के लिए उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया है। पुलिस इस आत्मघाती कदम के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- बिहार में दर्दनाक घटना: तीसरी मंजिल से एक साथ कूदे पति-पत्नी, सिर में सरिया घुसने से पति की मौत, महिला की बची जान