गया। जिले के बेलागंज थाना अंतर्गत बेल्हाड़ी टोला शंकरपुर गांव में एक सड़क हादसे ने हिंसक रूप ले लिया। हादसे में एक महिला की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर बवाल काटा। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस को भारी बल तैनात करना पड़ा। फिलहाल, पुलिस ने 25 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को दबोच लिया है।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
घटना की शुरुआत तब हुई जब एक तेज रफ्तार बाइक ने सुनीता देवी और रेणु कुमारी को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान सुनीता देवी ने दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरी घायल रेणु कुमारी का इलाज फिलहाल अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
शव रखकर प्रदर्शन
पोस्टमॉर्टम के बाद जब सुनीता का शव गांव पहुंचा, तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीण लाठी-डंडों से लैस होकर आरोपी के घर के सामने जमा हो गए और शव को वहां रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर तनाव व्याप्त हो गया। स्थानीय पुलिस ने भीड़ को समझाने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रही।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी रवि प्रकाश सिंह के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद देर रात भीड़ को शांत कराया गया और मृतका का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
25 नामजद, छापेमारी जारी
थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडे के अनुसार, मृतका के पति राजकुमार दास के आवेदन पर 25 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है और अन्य की तलाश में छापेमारी कर रही है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

