Bihar Top News Today 26 march 2026: बिहार (BIHAR) में आज 26 मार्च को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
घटिया खाना-IRCTC पर जुर्माना
नई दिल्ली/पटना। भारतीय रेलवे ने यात्री सुरक्षा और सेवा गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। पटना-टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस में खराब गुणवत्ता का भोजन परोसने के मामले में रेलवे ने अपनी कैटरिंग इकाई IRCTC पर 10 लाख रुपये और संबंधित फूड वेंडर पर 50 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया है। साथ ही, दोषी ठेकेदार का अनुबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है।
3 साल की बच्ची से रेप
पटना। बाढ़ क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां चैती मेला देखने गई तीन साल की एक मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी की गई है। पीड़िता वर्तमान में गंभीर स्थिति में पटना के NMCH अस्पताल में उपचाराधीन है। घटना भदौर थाना क्षेत्र की है। मंगलवार की रात बच्ची अपनी मां और परिजनों के साथ घर से महज एक किलोमीटर दूर लगे चैती मेले में गई थी। मेले की भारी भीड़ के बीच अचानक बच्ची अपनी मां का हाथ छूट जाने के कारण बिछड़ गई। बदहवास परिजन काफी देर तक उसे तलाशते रहे, लेकिन कुछ ही समय बाद वह मेले से करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित एक मंदिर के पीछे अत्यंत गंभीर स्थिति में मिली।
छोटे सरकार का आश्वासन फेल
पटना। बिहार में सुशासन की सरकार है, लेकिन मोकामा की गलियों में छोटे सरकार यानी अनंत सिंह का रसूख सर्वोपरि माना जाता है। हालांकि, इस बार बाहुबली विधायक का आश्वासन भी रेलवे के बुलडोजर को नहीं रोक सका। गुरुवार सुबह मोकामा रेलवे कॉलोनी में भारी पुलिस बल और आरपीएफ की मौजूदगी में पीला पंजा गरजा, जिससे वर्षों से रह रहे 40 परिवारों के आशियाने मिट्टी में मिल गए।
रामनवमी पर नितिन नवीन करेंगे 52 शोभायात्रा का सम्मान
पटना। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव रामनवमी को लेकर बिहार की राजधानी पटना में उत्साह चरम पर है। इस वर्ष की शोभा यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष (छत्तीसगढ़ प्रभारी) और वरिष्ठ नेता नितिन नवीन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इस भव्य आयोजन की विस्तृत जानकारी साझा की। नितिन नवीन ने बताया कि पटना का सुप्रसिद्ध डाकबंगला चौराहा इस बार राम चौक के रूप में सजाया गया है, जो शोभा यात्रा का मुख्य केंद्र होगा। पटना के विभिन्न क्षेत्रों और प्रमुख मंदिरों से निकलने वाली सभी छोटी-बड़ी शोभा यात्राएं इसी चौक पर एकत्रित होंगी, जिससे यहां का दृश्य अत्यंत अलौकिक और भक्तिमय होगा।
सिविल कोर्ट को तीसरी बार बम से उड़ाने की धमकी
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट को फिर एक बार आतंकी द्वारा बम से उड़ा देने की धमकी मिली है। यह धमकी मुजफ्फरपुर कोर्ट के ऑफिशल ई-मेल पर आया है। इसके बाद सिविल और फैमिली कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। बम से उड़ाने की धमकी भरी सूचना मिलने के बाद तुरंत पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गई और कोर्ट परिसर में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया। इस बीच जिला एवं क्षेत्र न्यायाधीश श्वेता कुमारी सिंह ने 2 बजे तक के लिए कोर्ट की कार्रवाई को बंद करने का आदेश दिया है। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को भी दी, जिसके बाद भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची और खोजी कुत्ते की मदद से कोर्ट परिसर में संघन खोजबीन शुरू की। फिलहाल परिसर में पुलिस मौजूद है और वहां आने-जाने वाले सभी लोगों पर अपनी नजर बनाए हुए है।
BCM रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा
नालंदा। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने नालंदा जिले में एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को नगरनौसा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में तैनात ब्लॉक कम्युनिटी मोबिलाइजर (BCM) मनजीत कुमार को निगरानी की टीम ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी की इस गिरफ्तारी से जिले के प्रशासनिक गलियारे में हड़कंप मच गया है।
मनियारी में गैस सिलेंडर को लेकर हाहाकार
मुजफ्फरपुर। जिले के मनियारी थाना क्षेत्र स्थित गृहस्ती इंडियन ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब सैकड़ों उपभोक्ताओं ने एजेंसी परिसर में जमकर नारेबाजी और हंगामा किया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी प्रबंधन न केवल सिलेंडर वितरण में मनमानी कर रहा है, बल्कि हक मांगने पर उन्हें पुलिसिया कार्रवाई की धमकी भी दी जा रही है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे स्थानीय निवासी सुकेश कुमार ने बताया कि उपभोक्ता पिछले एक सप्ताह से लगातार गैस एजेंसी की दहलीज पर माथा टेक रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ वापस भेज दिया जाता है। उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्होंने समय पर ऑनलाइन बुकिंग कराई है और भुगतान भी कर दिया है, फिर भी कर्मचारी हर दिन आज-कल का बहाना बनाकर उन्हें टाल देते हैं।
नीतीश के मुरीद हुए रवि शंकर प्रसाद
पटना। राजधानी पटना साहिब से भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व और राज्य में हुए बदलावों की जमकर प्रशंसा की है। मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा के समापन के अवसर पर मीडिया से बात करते हुए प्रसाद ने कहा कि पिछले 21 वर्षों में नीतीश कुमार की अगुवाई में बिहार की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है।
बाइक के उड़े परखच्चे
मुजफ्फरपुर। जिले में देर रात हुए एक सड़क हादसे में दो होनहार युवकों की जान चली गई। काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के कलमबाग चौक रोड के पास एक अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकरा गई, जिससे मौके पर ही दोनों दोस्तों की मौत हो गई। यह दुखद घटना मोतीझील फ्लाईओवर ब्रिज के समीप आधी रात के बाद घटित हुई। बताया जा रहा है कि दोनों दोस्त बाइक पर सवार होकर कहीं से लौट रहे थे, तभी उनकी बाइक बेकाबू होकर ब्रिज के पास लगे डिवाइडर से जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
नीतीश के रोडमैप पर चलेगी NDA सरकार
पटना/ नालंदा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पांचवें चरण की समृद्धि यात्रा का समापन आज पटना के बापू सभागार में भव्य तरीके से हुआ। इस अवसर पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री के विजन की जमकर सराहना की और भविष्य के विकास का खाका पेश किया। सभा को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को लालटेन युग के अंधेरे से निकालकर विकास की नई रोशनी दी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा तैयार किए गए रोडमैप पर ही एनडीए सरकार भविष्य में आगे बढ़ेगी। नितिन नवीन ने कहा, सड़कों को लेकर आपकी बनाई नीतियां आज दूसरे राज्यों के लिए मॉडल बन चुकी हैं। आपने बिहार में सड़कों का जो जाल बिछाया है, उसके लिए राज्य आपको हमेशा याद रखेगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

