कुंदन कुमार, पटना। बिहार समेत देशभर में बड़े ही धूमधाम के साथ रामनवमी मनाई जा रही है। रामनवमी के अवसर पर पटना के महावीर मंदिर में भक्तों का जन सैलाब उमड़ा हुआ है। भक्तों के लिए मंदिर के पट रात 2 बजे खोल दिए गए थे। मंदिर के बाहर अभी भी लंबी लाइन लगी हुई है, भक्त पूजा-अर्चना कर रहे हैं। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने आधी रात को मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर के महावीर मंदिर के सेक्रेटरी सायन कुणाल भी मौजूद रहे।

भक्तों का उमड़ा जन सैलाब

महावीर मंदिर में भक्त लगातार भगवान के दर्शन के लिए और प्रसाद चढ़ाने के लिए पहुंच रहे हैं। इस साल 4 लाख से अधिक भक्तों के पहुंचने और दर्शन करने की उम्मीद है। दर्शन व पूजा करने के लिए रातभर लोग लाइन में लगे थे। वहीं, मंदिर के बाहर अब भी भक्तों की लंबी लाइन लगी हुई है। वहीं, 11 बजे होने वाली आरती में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी समेत कई अन्य नेता शामिल हो सकते हैं। आरती के बाद बिना फूल माला प्रसाद के भक्त महावीर जी का दर्शन कर सकेंगे।

शाम को निकलेंगी 52 झाकियां

रामनवमी के अवसर पर पटना में निकलने वाली शोभा यात्रा में 52 झाकियां निकाली जाएंगी। शाम 5 बजे के करीब निकलने वाली इस शोभा यात्रा में 5 से 7 लाख श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है। डाक बंगला में सबसे बड़ा आयोजन है, जहां से सभी शोभायात्रा गुजरेंगी। यात्रा में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन, सीएम नीतीश, बिहार राज्यपाल और दोनों डिप्टी सीएम समेत कई नेता और मंत्री मौजूद रहेंगे। इस शोभा यात्रा में बीजेपी सांसद मनोज तिवारी भी मौजूद रहेंगे।

कोलकाता के फूलों से सजा मंदिर

मंदिर के सेक्रेटरी सायन कुणाल ने बताया कि, मंदिर को लाइट और फूल से सजाया गया है। फूल कोलकाता से मंगाया गया है। इसके अलावा गर्मी में भक्तों को परेशानी न हो इसके लिए गर्भ गृह में 80 टन का एसी इंस्टाल कर दिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि, इस वर्ष रामनवमी के दिन सबसे पहले कतार में लगकर दर्शन करने वाले 10 भक्तों को मंदिर प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- हम नेता दानिश रिजवान का वीडियो शेयर कर बुरे फंसे तेजस्वी, दर्ज हो सकती है FIR