रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा राजधानी रायपुर पहुंचेंगे। उनका आगमन दोपहर 2:25 बजे पुलिस ग्राउंड हेलीपेड पर निर्धारित है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, हेलीपेड पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सीधे सीएम हाउस के लिए रवाना होंगे। उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई है।
रामनवमी पर आज निकलेंगी भव्य झांकियां
रायपुर। रामनवमी के अवसर पर आज शहर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना हुआ है। जगह-जगह भव्य झांकियां निकाली जाएंगी, वहीं मंदिरों को रंग-बिरंगी झालरों और आकर्षक सजावट से सजाया गया है। शहर के शांतिनगर क्षेत्र में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। वहीं संकट मोचन मंदिर में अखंड रामायण का पाठ जारी है, जो दिनभर चलता रहेगा। इसी तरह जैतूसाव मठ में विशेष आकर्षण के रूप में 1100 किलो मालपुए का भोग भगवान को अर्पित किया जाएगा।

कांग्रेस पहली बार पंचायत स्तर पर बनाएगी समिति
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नए जिला व ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद भंग हो चुकी पुरानी कार्यकारिणी की जगह नई समितियों का गठन 31 मार्च तक कर लिया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इसकी घोषणा की है। इसके साथ ही कांग्रेस पहली बार पंचायत स्तर पर भी समितियों का गठन करेगी। प्रदेश अध्यक्ष बैज ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस अब ग्राउंड लेवल तक संगठन को मजबूत करने जा रही है। इसी के तहत जिला, ब्लॉक और मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद कार्यकारिणी का गठन किया जा रहा है। कांग्रेस अब इससे दो कदम आगे बढ़ते हुए वार्ड, गांव और बूथ स्तर पर कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कोरबा में ‘हनुमंत कथा’ सुनाएंगे पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री
कोरबा। छत्तीसगढ़ के ऊर्जा नगरी कोरबा जिले के ग्राम ढपढप में 28 मार्च से 01 अप्रैल तक ‘दिव्य श्री हनुमंत कथा’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपनी कथा वाणी से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। आयोजन की शुरुआत आज भव्य कलश यात्रा से होगी, जिसमें लगभग 21 हजार माता-बहनें ढेलवाडीह से ढपढप तक विशाल शोभायात्रा निकालेंगी। कथा के लिए विशाल दिव्य पंडाल तैयार किया गया है। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, पार्किंग और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। वहीं आयोजन को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट है। कलेक्टर और एसपी ने कथा स्थल पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया है।
‘कुमति निवार सुमति के संगी’ विषय पर व्याख्यान देंगे पं. विजय शंकर मेहता
रायपुर। रामनवमी पर 27 मार्च को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में श्री हनुमान चालीसा महापाठ का आयोजन किया जाएगा। वहीं जीवन प्रबंधन गुरु पंडित विजय शंकर मेहता ‘कुमति निवार सुमति के संगी’ विषय पर विशेष व्याख्यान देंगे। श्री हनुमान महापाठ समिति द्वारा 18वें वर्ष इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसका ‘संस्कार टीवी’ के माध्यम से दुनिया के 100 से अधिक देशों में सीधा प्रसारण किया जाएगा। समिति के राष्ट्रीय सह सचिव मोहन पवार और राष्ट्रीय सचिव शिवनारायण मुंधड़ा ने बताया कि कार्यक्रम के प्रथम चरण में शाम 6 बजे से भजनों की प्रस्तुति होगी। इसके बाद शाम 7 बजे से सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ शुरू होगा। शाम 7 से रात 8.30 बजे तक कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा।
रामनवमी पर आज रायगढ़ में निकलेगी एतिहासिक शोभायात्रा
रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में हर साल की तरह इस बार भी रामनवमी पर एतिहासिक शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसके लिए श्री रामनवमी समिति ने पूरी तैयारियां कर ली है। शोभायात्रा नटवर हाई स्कूल परिसर से निकलेगी। रामनवमी की शाम 60 से अधिक सर्व हिंदू समाज सामाजिक और राजनीतिक संस्था से जुड़े लोग झांकी निकालते हुए एकता की मिसाल कायम करेंगे। वहीं छत्तीसगढ़ समेत पूरे भारत से आमंत्रित कलाकारों की टीम रामनवमी शोभायात्रा की शोभा बढ़ाएंगे। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि रामनवमी शोभायात्रा 2014 से शुरू हुआ था। 54 समाज के लोगों की सहभागिता से इस साल 60 से अधिक बिरादरी और संस्था के प्रतिनिधि शोभायात्रा में शामिल होकर इतिहास रचेंगे।
दुर्ग- हरिद्वार के बीच 19 से चलेगी साप्ताहिक ट्रेन
रायपुर। ग्रीष्मकालीन अवकाश में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दुर्ग-हरिद्वार-दुर्ग के बीच साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 19 अप्रैल से 29 जून 2026 तक 11-11 फेरों के लिए संचालित होगी। गाड़ी संख्या 08743 दुर्ग-हरिद्वार स्पेशल प्रत्येक रविवार सुबह 11 बजे दुर्ग से रवाना होकर 11:36 बजे रायपुर पहुंचेगी और अगले दिन शाम 5:30 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 08744 हरिद्वार-दुर्ग स्पेशल प्रत्येक सोमवार शाम 6:55 बजे हरिद्वार से रवाना होकर बुधवार सुबह 3 बजे दुर्ग पहुंचेगी। ट्रेन का ठहराव रायपुर सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा। इसमें 18 कोच होंगे, जिनमें जनरल, स्लीपर और एसी-III शामिल हैं, जिससे यात्रियों को कंफर्म बर्थ मिलने में सुविधा होगी।

