Ram Navami Patna 2026: रामनवमी के अवसर पर पटना में निकलने वाली शोभा यात्रा में 52 झाकियां निकाली जाएंगी। शाम 5 बजे के करीब निकलने वाली इस शोभा यात्रा में 5 से 7 लाख श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है। विभिन्न तय रुटों से गुजरते हुए शोभा यात्रा डाक बंगला पहुंचेगी, जहां सबसे बड़ा आयोजन किया गया है।

राम की भक्ति में सराबोर हुआ पटना

रामनवमी के मौके पर राजधानी पटना भगवान राम के भक्ति में सराबोर होने के लिए पूरी तरह से तैयार है। इस मौके पर पूरे शहर को 2 लाख भगवा ध्वजों से सजाया गया है। वहीं, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन इस मौके पर डॉक बंगला चौराहे के पास शोभा यात्रा में शामिल लोगों को पाग और स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें सम्मानित करेंगे।

शोभा यात्रा में मौजूद रहेंगे ये नेता

पटना में इस बार रामनवमी पर निकलने वाली शोभा यात्रा ऐतिहासिक और भव्य होने वाली है। इस शोभा यात्रा में टीवी सिरियल में भगवान प्रभु राम का चरित्र निभाने वाले अभिनेता और बीजेपी सांसद अरुण गोविल भी शामिल होंगे।इसके अलावा इस यात्रा में सीएम नीतीश, बिहार राज्यपाल और दोनों डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा, सम्राट चौधरी समेत कई नेता और मंत्री मौजूद रहेंगे। इस शोभा यात्रा में बीजेपी सांसद मनोज तिवारी भी मौजूद रहेंगे।

सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

रामनवमी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने डाक बंगला चौराहा स्थित महावीर हनुमान मंदिर समेत कई प्रमुख धार्मिक जगहों को संवेदनशील जोन घोषित किया है। प्रशासन यहां आने-जाने वाले हर शख्स पर कड़ी नजर रख रहा है। वहीं, सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कोई असुविधा न हो और रामनवमी का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

1500 से अधिक पुलिस बल की तैनाती

रामनवमी के अवसर पर पटना में अलग-अलग धार्मिक स्थलों पर 15 सौ से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। इनमें लोकल के साथ बाहरी फोर्स भी शामिल हैं। प्रशासन त्योहार को लेकर पूरी सतर्कता बरत रही है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं, जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होने पर उससे तुरंत निपटा जा सके। वहीं, इस दौरान कंट्रोल रूम 24 घंटे एक्टिव रहेगा।

नितिन नबीन ने महावीर मंदिर में की विशेष पूजा

बता दें कि रामनवमी के अवसर पर पटना के महावीर मंदिर में भक्तों का जन सैलाब उमड़ा हुआ है। भक्तों के लिए मंदिर के पट रात 2 बजे खोल दिए गए थे। मंदिर के बाहर अभी भी लंबी लाइन लगी हुई है, भक्त पूजा-अर्चना कर रहे हैं। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने आधी रात को मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर के महावीर मंदिर के सेक्रेटरी सायन कुणाल भी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- बिहार में दिनदहाड़े बैंक लूट: हथियार के बल पर लॉकर से पैसे लूटकर हुए फरार, बंद थे CCTV कैमरे