CG Suspended News : मुंगेली। रिश्वत लेते गिरफ्तार हुए एटीआर के रेंजर और डिप्टी रेंजर को निलंबित कर दिया गया है। दोनों ने वन अपराध में जल्दी चालान पेश करने के लिए 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। जिन्हें कल एंटी करप्शन ब्यूरो बिलासपुर की टीम ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद रेंजर को प्रधान मुख्य संरक्षक एवं वनबल प्रमुख (पीसीसीएफ) और डिप्टी रेंजर को मुख्य संरक्षक (सीसीएफ) बिलासपुर वृत्त ने निलंबित किया है।

एसीबी बिलासपुर ने गुरुवार को मुंगेली जिले में बड़ी कार्रवाई की थी। अचानकमार टाइगर रिजर्व के सुरही रेंज में पदस्थ रेंजर पल्लव नायक और डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था। दोनों अधिकारियों ने सुरही रेंज में युवकों द्वारा की गई फायरिंग के मामले में चालान पेश करने और गाड़ी छोड़ने के एवज में 70 हजार रुपये की मांग की थी।
लोरमी निवासी अजीत कुमार वैष्णव की शिकायत की जांच के बाद एसीबी ने ट्रैप प्लान बनाया। प्लानिंग के तहत गुरुवार को प्रार्थी को रिश्वत की पहली किस्त 50 हजार रुपए देने के लिए कोटा स्थित मित्र मिलन रेस्टोरेंट भेजा गया। जैसे ही डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव ने रुपये हाथ में लिए, सिविल ड्रेस में तैनात एसीबी की टीम ने उसे दबोच लिया। मौके पर रेंजर पल्लव नायक भी मौजूद थे। उन्होंने भी प्रार्थी पर पैसे देने का दबाव बनाया था। ईओडब्ल्यू व एसीबी दोनों ने अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
5 लाख रुपये मांगे थे, आखिर में 70 हजार में माने
अजीत कुमार वैष्णव दिसंबर 2025 में अपने साथियों के साथ सुरही रेंज घूमने गया था। जंगल के बीच दोस्तों के साथ फायरिंग करते रील बनाई और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। मामला संज्ञान में आने के बाद वन विभाग ने आपराधिक प्रकरण दर्ज कर वाहन जब्त कर लिया था। इस मामले में अजीत और उसके साथी जेल भी गए थे। जमानत पर बाहर आने के बाद जब उसने अपना जब्त वाहन वापस मांगा और केस खत्म करने की बात की, तो डिप्टी रेंजर ने उसे डराना शुरू कर दिया। जल्द चालान पेश करने और वाहन छोड़ने के एवज में 4 से 5 लाख रुपये की मांग की। आखिर में 70 हजार रुपये में मान गए।
दोनों हुए निलंबित
रिश्वतखोरी का मामला सामने आने के बाद मनीष श्रीवास्तव उपवन क्षेत्रपाल, परिक्षेत्र सहायक जाकडबांधा टाइगर रिजर्व लोरमी को सीसीएफ बिलासपुर मनोज कुमार पांडेय ने निलंबित कर दिया है। यदि वह जेल से छूट जाते हैं तो निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय रायगढ़ वनमण्डल निर्धारित किया गया है।
इसी तरह पल्लव नायक परिक्षेत्राधिकारी सुरही परिक्षेत्र,अचानकमार टाइगर रिजर्व को पीसीसीएफ व्ही श्रीनिवास राव ने निलंबित कर दिया है। जेल से जमानत पर रिहा होने की स्थिति में उनका मुख्यालय बिलासपुर सीसीएफ कार्यालय नियत किया गया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

