Bihar Top News Today 27 march 2026: बिहार (BIHAR) में आज 27 मार्च को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

रोहिणी ने बदला BJP का नाम

पटना। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की पुत्री रोहिणी आचार्य ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए राजनीति में हलचल तेज कर दी है। रोहिणी ने सोशल मीडिया के माध्यम से भाजपा के नाम को नए तरीके से परिभाषित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा (BJP) का असली नाम अब बड़ी बदचलन पार्टी (BBP) होना चाहिए।
​रोहिणी का आरोप है कि भाजपा में ऊपर से लेकर नीचे तक ऐसे नेताओं की भरमार है, जो महिलाओं के प्रति विकृत विचारधारा रखते हैं और कई गंभीर यौन अपराधों में संलिप्त रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो पार्टी नैतिकता और संस्कारों का ढोल पीटती है, उसके नेता महिलाओं को महज भोग की वस्तु समझते हैं।

फिल्मी स्टाइल में किडनैपिंग

वैशाली। बिहार के वैशाली जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला हाजीपुर-मुजफ्फरपुर नेशनल हाईवे (NH-22) का है, जहां सराय थाना क्षेत्र के मंसूरपुर इलाके में बेखौफ बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में एक व्यक्ति का अपहरण कर लिया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। ​मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यक्ति अपनी कार से हाजीपुर से मुजफ्फरपुर की ओर जा रहा था। तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे ओवरटेक कर बीच सड़क पर रुकने को मजबूर कर दिया। इससे पहले कि कार सवार कुछ समझ पाता, स्कॉर्पियो से उतरे हथियारबंद बदमाशों ने उसे जबरन खींचकर अपनी गाड़ी में बैठा लिया और मुजफ्फरपुर की दिशा में फरार हो गए।

बड़ा रेल हादसा टला

बक्सर। जिला अंतर्गत डुमरांव में एक बड़ी रेल दुर्घटना होते-होते बची। यह हादसा एक बाइक सवार की भारी लापरवाही के कारण हो सकता था, लेकिन ट्रेन के लोको पायलट की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ ने संभावित तबाही को टाल दिया। ​घटना उस समय हुई जब गाड़ी संख्या 63229 आरा-बक्सर मेमू पैसेंजर ट्रेन डुमरांव स्टेशन से बक्सर की ओर प्रस्थान कर रही थी। पश्चिमी रेलवे फाटक बंद होने के बावजूद, एक युवक नियमों को ताक पर रखकर अपनी बाइक के साथ पटरी पार करने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान, दूसरी तरफ जगह कम होने की वजह से उसकी बाइक अप मेन लाइन की पटरी के बीचों-बीच फंस गई।

रामनवमी की महा-शोभायात्रा

पटना। राजधानी पटना आज पूरी तरह से राममय हो गई है। रामनवमी के पावन अवसर पर शहर के प्रसिद्ध डाकबंगला चौराहा पर आस्था का महाकुंभ देखने को मिल रहा है। इस वर्ष की शोभायात्रा बेहद खास है, जहां कुल 52 झांकियां अपनी भव्यता बिखेरते हुए गुजर रही हैं। ​इस धार्मिक उत्सव की गरिमा बढ़ाने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने पुत्र निशांत कुमार के साथ डाकबंगला चौराहा पहुंचे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बीजेपी नेता नितिन नवीन भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर रथयात्रा का विधिवत उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन किया और कुछ समय रुकने के बाद रवाना हुए।

सजा भुगत रहा पूरा गांव

बेतिया। बिहार के नरकटियागंज प्रखंड अंतर्गत तुमकड़िया गांव में बिजली विभाग की एक कठोर कार्रवाई ने ग्रामीणों के जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। पिछले चार दिनों से पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप है, जिससे लगभग 250 घरों के हजारों लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। भीषण गर्मी की आहट के बीच बिजली न होने से जनजीवन पूरी तरह पटरी से उतर गया है।

डूबने से 3 की मौत

सारण। जिले से एक अत्यंत दुखद खबर सामने आई है, जहां मांझी प्रखंड के मटियार गांव में शुक्रवार को एक ही परिवार के तीन बच्चों की सरयू नदी में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब बच्चे घर के लिए ईंधन (लकड़ी) इकट्ठा करने गए थे। इस घटना ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है।

चाचा ने की तीन मासूमों की हत्या

Bihar Crime: बिहार के औरंगाबाद से दिल को दहला देने वाली एक खबर सामने आई है, जहां आज शुक्रवार (27 मार्च) को एक सनकी युवक ने अपने ही सगे तीन भतीजे और भतीजियों की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना हसपुरा थाना क्षेत्र के खुटहन गांव की है। वारदात के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। मृतकों की पहचान 10 वर्षीय अनीश, 7 वर्षीय आयुषी और महज 5 साल की मासूम अनुष्का के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी चाचा की पहचान अमंत पाल के रूप में हुई है। घटना को लेकर बताया जा रहा है कि अमंत पाल अविवाहित है और घर में शादी की बात को लेकर तनाव में रहता था। इस बीच आज शुक्रवार की सुबह वह जब घर लौटा तो दरवाजा अंदर से बंद था। अंदर उसकी भाभी स्नान कर रही थीं। इस दौरान दरवाजा खोलने में थोड़ी देरी क्या हुई, उसने गुस्से में आकर हैवानियत की सभी हदें पार कर दी।

30 मार्च को इस्तीफा दे सकते हैं नीतीश

Bihar Politics: बिहार की सियासत से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल सीएम नीतीश 30 मार्च को एमएलसी पद से इस्तीफा दे सकते हैं। दरअसल संवैधानिक प्रावधानों के मुताबिक कोई भी व्यक्ति एक साथ दो सदनों का सदस्य नहीं रह सकता। नीतीश कुमार हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव में निर्वाचित हुए हैं। ऐसे में राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के 14 दिनों के अंदर उन्हें किसी एक पद (राज्यसभा या एमएलसी) को छोड़ना अनिवार्य होगा। ऐसे में माना जा रहा है कि वह 30 मार्च को एमएलसी पद से इस्तीफा दे देंगे।

भारी मशीन की चपेट में आने से 3 साल के मासूम की मौत

मुजफ्फरपुर। जिले के मुशहरी थाना अंतर्गत द्वारिकानगर में गुरूवार को विकास कार्य मासूम की मौत का कारण बन गया। यहां चल रहे सलहां नहर निर्माण कार्य के दौरान एक अनियंत्रित भारी मशीन (प्लैनर) ने तीन वर्षीय मोहम्मद तारीफ को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया।

एक ही परिवार के 5 लोग नदी में डूबे

वैशाली। बिहार के वैशाली जिलें में रामनवमी के दिन बड़ा हादसा हुआ है, जहां गंगा स्नान के दौरान एक ही परिवार के 5 लोग नदी में डूब गए। देखते ही देखते आस्था का पर्व मातम में बदल गया। घटना देसरी प्रखंड के गणियारी गंगा घाट की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, परिवार के लोग गंगा में स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान एक महिला गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी, उसे बचाने के लिए परिवार के अन्य सदस्य भी एक-एक कर नदी में उतर गए और सभी तेज धारा में बहने लगे। हालांकि इस दौरान स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से दो महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक किशोरी की मौत हो गई।