पटना। बिहार की राजनीति में इन दिनों अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसे लेकर चर्चाएं तेज हैं। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से एक बड़ी और दिलचस्प मांग कर दी है। अपनी समृद्धि यात्रा के बाद पप्पू यादव ने नीतीश कुमार के कार्यकाल की सराहना तो की, लेकिन साथ ही भविष्य को लेकर अपनी चिंताएं भी जाहिर कीं।
बिहार को बर्बाद होने से बचा लीजिए
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री रहें या न रहें, यह उनका निजी फैसला है, लेकिन बिहार की बागडोर जेडीयू (JDU) के ही किसी नेता के हाथ में रहनी चाहिए। उन्होंने भावुक होते हुए अपील की, नीतीश जी, आपने लंबे समय तक बिहार की सेवा की है। अब कम से कम बिहार को बर्बाद होने से बचा लीजिए। बिहार की सत्ता दिल्ली से नहीं चलनी चाहिए। यादव का इशारा साफ था कि बिहार के फैसले स्थानीय नेतृत्व के हाथ में ही सुरक्षित हैं।
सामाजिक सद्भाव और विकास की चिंता
पप्पू यादव ने मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा को जनता के साथ एक बेहतरीन संवाद बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार में नफरत और सामाजिक तनाव का माहौल नहीं होना चाहिए। उन्होंने चिंता जताई कि राज्य पर गिद्ध दृष्टि रखने वाली शक्तियों से बिहार को बचाना जरूरी है ताकि गरीबों पर जुल्म न हो और राज्य का विकास बाधित न हो।
क्या निशांत कुमार होंगे अगले चेहरे?
जहां एक ओर पप्पू यादव जेडीयू का मुख्यमंत्री चाहते हैं, वहीं जेडीयू कार्यकर्ताओं के बीच नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का नाम तेजी से उभर रहा है। रैलियों में बिहार का सीएम कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो के नारे गूंजने लगे हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा यह भी है कि यदि नीतीश कुमार राज्यसभा जाते हैं, तो बिहार में बीजेपी का मुख्यमंत्री और जेडीयू से दो उपमुख्यमंत्री (जिसमें एक नाम निशांत कुमार का हो सकता है) वाला फॉर्मूला लागू हो सकता है। फिलहाल, अंतिम फैसला एनडीए का शीर्ष नेतृत्व और नीतीश कुमार की आपसी सहमति से ही होगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

