कुंदन कुमार/ पटना। बिहार में शिक्षक बहाली के चौथे चरण (TRE 4.0) के विज्ञापन की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। छात्र नेता दिलीप कुमार ने सरकार और आयोग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए एक बार फिर बड़े आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है।

​TRE 4.0: विज्ञापन में देरी पर छात्रों का फूटा गुस्सा

​शिक्षक अभ्यर्थी एक बार फिर अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरने की तैयारी कर रहे हैं। छात्र नेता दिलीप कुमार ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग और आयोग लगातार विरोधाभासी बयानबाजी कर रहे हैं, जिससे अभ्यर्थियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

​सरकार की उदासीनता और भविष्य का संकट

​दिलीप कुमार ने कहा कि मार्च का महीना समाप्त होने को है, लेकिन सरकार ने विज्ञापन को लेकर अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। इस देरी के कारण लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार को युवाओं के रोजगार की कोई चिंता नहीं है। चाहे BPSC हो या BSSC, किसी भी परीक्षा का परिणाम समय पर जारी नहीं किया जा रहा है, जिससे छात्रों में भारी हताशा है।

​30 मार्च को बेगूसराय में महाबैठक

​आंदोलन को धार देने के लिए आगामी 30 मार्च को बेगूसराय के जीडी कॉलेज में छात्रों की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में राज्यभर के छात्र जुटेंगे, जहां आंदोलन की आगामी रूपरेखा तय की जाएगी। दिलीप कुमार ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि सरकार जल्द ही विज्ञापन जारी नहीं करती है, तो छात्र चुप नहीं बैठेंगे और एक बड़े राज्यव्यापी आंदोलन का आगाज करेंगे।