मनेंद्र पटेल, दुर्ग। दुर्ग के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक 42 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। युवक का शव किराए के मकान में फंदे से लटका हुआ मिला है। वहीं मौके से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें दो लोगों के नाम सामने आने से मामला संदिग्ध हो गया है। साथ ही मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। मामले में पुलिस हर आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से जांच में जुटी हुई है।

किराए के मकान में फंदे से लटका मिला शव

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मोहन रामटेक के रूप में हुई है, जो सुपेला थाना क्षेत्र में पिछले तीन महीनों से किराए के मकान में रहकर पेंटिंग का काम कर रहा था। शनिवार सुबह मकान मालिक को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के अंदर से शव को फंदे से उतारा और एक सुसाइड नोट जब्त किया। इस सुसाइड नोट में राजू पाल और सोनिया गोस्वामी नाम लिखे मिले हैं, जिससे मामला और ज्यादा संदिग्ध हो गया है।

वहीं मृतक के भाई नवीन रामटेके का कहना है कि मोहन के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। जिससे यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या हो सकती है। उन्होंने ने कहा कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, क्योंकि सभी लोग भिलाई के एक अस्पताल में मां के ऑपरेशन के लिए गए हुए थे। इसी दौरान यह घटना घटित हुई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए गए। शव को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों से पूछताछ की गई।

वहीं एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि रिपोर्ट और सुसाइड नोट की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या। फिलहाल दोनों एंगल से जांच जारी है।