दरभंगा। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आपसी रंजिश और वर्चस्व के विवाद में एक युवक की चाकू गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना कुशेश्वरस्थान पूर्वी थाना क्षेत्र के नादियामि गांव की है, जहां चैती दुर्गा पूजा के अवसर पर आयोजित ऑर्केस्ट्रा देखने गए युवक को बदमाशों ने अपना निशाना बनाया।
दूसरे गांव में मेला देखना बना मौत का कारण
मृतक की पहचान मिथलेश तांती के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिथलेश अपने दोस्तों के साथ पड़ोस के गांव नादियामि में मेला और ऑर्केस्ट्रा देखने गया था। लौटते समय बदमाशों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि हमलावर इस बात से नाराज थे कि मिथलेश दूसरे गांव से उनके यहां मेला देखने क्यों आया। इसी मामूली बात पर विवाद बढ़ा और हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला कर दिया।
सीने और पेट पर किए ताबड़तोड़ वार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए मिथलेश के सीने और पेट पर चाकू से कई वार किए। जब गांव के ही संतोष तांती ने बीच- बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। घायल मिथलेश को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि उसने दम तोड़ दिया।
शादी की तैयारियों के बीच पसरा सन्नाटा
परिजनों ने बताया कि मिथलेश की शादी कुछ ही महीनों में होने वाली थी। घर में शादी की रस्में और खुशियों का माहौल शुरू होने वाला था, लेकिन इस घटना ने सब कुछ उजाड़ दिया। मां मुन्ना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी शिकायत पर पुलिस ने 7 नामजद और 8 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस की कार्रवाई: 4 आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि अब तक गंगा मुखिया, अंगद मुखिया, अबोध कुमार मुखिया और आशीष कुमार राय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

