अविनाश श्रीवास्तव/ सासाराम। बिहार के रोहतास जिले के सासाराम अंतर्गत नोखा से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां रामनवमी के पावन अवसर पर निकाली गई शोभा यात्रा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कला प्रदर्शन कर रहे किन्नरों की एक टोली आग की चपेट में आ गई। इस हादसे में तीन कलाकार गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
करतब दिखाते समय बिगड़ा संतुलन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शोभा यात्रा के दौरान स्थानीय कलाकारों के साथ किन्नरों की एक टोली पारंपरिक हैरतअंगेज करतब दिखा रही थी। इसी बीच, आग के साथ प्रदर्शन करते समय कलाकारों का संतुलन अचानक बिगड़ गया। देखते ही देखते आग की लपटें बेकाबू होकर आसपास फैल गईं और प्रदर्शन कर रहे तीन कलाकार इसकी सीधी चपेट में आ गए।
अस्पताल में उपचार जारी
आग की लपटों से घिरे कलाकारों को देख मौके पर भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। आनन-फानन में घायल तीनों कलाकारों को स्थानीय लोगों की मदद से नोखा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार, तीनों के पैर काफी ज्यादा झुलस गए हैं, लेकिन राहत की बात यह है कि फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सुरक्षा पर उठे सवाल
धार्मिक जुलूसों में इस तरह के जोखिम भरे करतबों के दौरान सुरक्षा मानकों की कमी अक्सर हादसों को दावत देती है। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि कैसे एक छोटी सी चूक ने उत्सव के माहौल को अफरा-तफरी में बदल दिया। फिलहाल प्रशासन इस मामले की जांच कर रहा है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

