अविनाश श्रीवास्तव/ रोहतास। सासाराम के परिसदन में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मिडिल ईस्ट (मध्य पूर्व) युद्ध और अस्थिरता की आग में झुलस रहा है, जिसका असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। ऐसे विकट समय में भी भारत में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, जिसका श्रेय प्रधानमंत्री की दूरदर्शी नीतियों को जाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जहां विकसित देश इस विश्वव्यापी संकट के सामने लड़खड़ा रहे हैं, वहीं पीएम मोदी के कुशल संचालन ने भारत को एक सुरक्षित कवच प्रदान किया है।

​महंगाई और तेल संकट पर नियंत्रण

​सभापति ने आर्थिक मोर्चे पर सरकार की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि आज दुनिया भर में कच्चे तेल की कीमतों को लेकर त्राहिमाम मचा हुआ है। आपूर्ति श्रृंखला बाधित होने के बावजूद भारत में तेल के दामों को नियंत्रित रखा गया है। यह प्रधानमंत्री के बेहतरीन डिप्लोमेटिक संबंधों और आर्थिक प्रबंधन का ही परिणाम है कि भारतीय नागरिकों पर वैश्विक महंगाई का वैसा बोझ नहीं पड़ा जैसा अन्य देशों में देखा जा रहा है। उनकी विश्वसनीयता का ही असर है कि संकट के इस दौर में भी भारत के संबंध तमाम वैश्विक शक्तियों के साथ प्रगाढ़ बने हुए हैं।

​विपक्ष को एकजुट होने की सलाह

​राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर अवधेश नारायण सिंह ने पक्ष और विपक्ष, दोनों को एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल का स्मरण करते हुए एक ऐतिहासिक उदाहरण पेश किया। उन्होंने कहा कि उस दौर में जब देश संकट में था, तब अटल बिहारी वाजपेयी जैसे दिग्गज नेता विपक्ष में होने के बावजूद सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े थे। उन्होंने वर्तमान विपक्ष से भी उसी परिपक्वता की अपेक्षा की ताकि देश इस वैश्विक चुनौती का मजबूती से सामना कर सके।