कुंदन कुमार/ पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने इस घटनाक्रम पर तीखा हमला बोलते हुए इसे जनता दल यूनाइटेड (JDU) के अंत की शुरुआत बताया है। शक्ति यादव के अनुसार, नीतीश अब राज्यसभा जा रहे हैं और उनका नया ठिकाना दिल्ली होगा।

​पार्टी के भीतर ही रची गई साजिश?

​शक्ति सिंह यादव ने सनसनीखेज दावा किया कि नीतीश कुमार को सक्रिय राजनीति से किनारे करने की पटकथा खुद उनकी पार्टी के लोगों ने ही लिखी है। उन्होंने कहा कि जेडीयू अब ताश के पत्तों की तरह बिखर जाएगी। पार्टी में अब कोई कद्दावर नेता नहीं बचा है जो इसे संभाल सके। यादव के मुताबिक, जेडीयू इतने टुकड़ों में बंट जाएगी कि उसे फिर से समेटना नामुमकिन होगा।

​विचारधारा से समझौता और भाजपा का साथ

​राजद प्रवक्ता ने नीतीश कुमार पर लोहिया और कर्पूरी ठाकुर की विचारधारा को तिलांजलि देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिस भाजपा के साथ नीतीश ने हाथ मिलाया, उसी के दबाव में आज उन्हें राज्यसभा भेजा जा रहा है। शक्ति यादव ने कटाक्ष किया कि सत्ता के मोह में उन्होंने अपनी मूल विचारधारा को पूरी तरह भुला दिया है।

​कुर्सी की राजनीति का इतिहास

​नीतीश कुमार के 20 साल के कार्यकाल पर टिप्पणी करते हुए यादव ने कहा कि इतिहास उन्हें केवल कुर्सी से चिपक कर रहने वाले नेता के रूप में याद रखेगा। कभी राजद तो कभी भाजपा नीतीश ने अपनी सत्ता बचाने के लिए बार-बार पाला बदला। उन्होंने कहा कि जनता देख रही है कि कैसे सत्ता की खातिर उन्होंने बार-बार जनादेश का अपमान किया। अब वही भाजपा, जिसके साथ वे आज खड़े हैं, उन्हें सत्ता की मुख्यधारा से दूर कर रही है।