रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. बछरावां थाना क्षेत्र के सारी खेड़ा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां 7 वर्षीय मासूम अनमोल को गांव के ही युवक सूरज उर्फ लल्ला ने अचानक पकड़कर जमीन पर गिरा-गिराकर बेरहमी से पीटा. मारपीट का पूरा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

जानकारी के अनुसार, छोटा अनमोल गांव की एक दुकान पर सिर्फ बिस्किट लेने गया था. इसी दौरान आरोपी सूरज उर्फ लल्ला (गांव का ही निवासी) ने बच्चे को पकड़ लिया और उसे बार-बार जमीन पर पटककर निर्ममता से मारना शुरू कर दिया. बच्चे की चीख-पुकार सुनकर दुकानदार और आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने किसी तरह मासूम को हमलावर के चंगुल से छुड़ाया और उसकी जान बचाई.

इसे भी पढ़ें : दुर्घटना या फिर… इंस्पेक्टर को आवास पर लगी गोली, SP-ADG ने किया निरीक्षण, छानबीन जारी

बछरावां पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है. वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की जा रही है. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह युवक बच्चे को पीट रहा है. वह उसे घसीट रहा है. इतना ही नहीं उसे पटककर उसका गला दबाने की भी कोशिश कर रहा है. इसके बाद वह उसे ईंट के ढेर के पास ले जाकर भी पटक रहा है. फिलहाल पुलिस इस वीडियो की जांच कर रही है. साथ ही आगे की कार्रवाई में जुटी है.