अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जिले में 16 अलग-अलग आपराधिक कांडों का खुलासा करते हुए 7 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार लोगों के पास से कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए हैं।

7 कुख्यात अपराधी गिरफ्तार

रोहतास एसपी रौशन कुमार ने सासाराम में प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि, जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह के अंदर किए गए कई आपराधिक वारदातों का उद्भेदन किया गया है। उन्होंने बतााय कि, इस मामले में कुल 7 कुख्यात अपराधियों को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि, पुलिस ने नवरत्न बाजार से मोहित कुमार एवं अजय प्रजापति को लूट की योजना बनाते हुए गिरफ्तार किया है। यह दोनों कैमूर जिला के कुदरा के रहने वाले हैं। जबकि गोली मार कर लूटपाट करने के मामले में सासाराम की खिड़की घाट के भूलेटन यादव की गिरफ्तारी हुई है।

लूटपाट के साथ सभी पर संगीन आरोप

वहीं, एक अन्य आपराधिक मामले में पुलिस ने कैमूर जिला के भगवानपुर के मंटू पांडे एवं दिनेश विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने खिड़की घाट सासाराम के रौशन कुमार तथा चेनारी के टेकारी के रहने वाले विजय कुमार को भी गिरफ्तार किया है। रोहतास एसपी ने बताया कि, यह सभी अपराधी शातिर हैं तथा विभिन्न आपराधिक वारदातों में शामिल रहे हैं। लूटपाट के अलावा यह लोग जानलेवा हमले जैसे मामलों में भी आरोपी हैं।

बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़

बता दें कि रोहतास पुलिस जिले में लगातार अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है। बीते दिनों जिला पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बाइक चोरी के सरगना इरशाद राईन उर्फ शेरू को गिरफ्तार किया था, जिसके पास से 8 स्प्लेंडर बाइक सहित 10 बाइक बरामद हुए हैं। साथ ही पुलिस ने उसके दो अन्य शागिर्दों को भी गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार अपराधियों के पास से वाहनों के नकली चाबी, बाइक का लॉक तोड़ने वाला औजार सहित कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद हुए थे।

ये भी पढ़ें- मोतिहारी में महिला की संदिग्ध मौत के बाद तनाव का माहौल, पड़ोसियों पर हत्या का आरोप, तांत्रिक के बयान ने मामले को और उलझाया