US Attack On Iran with Bunker-Buster Bombs: अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध का आज 32वां दिन हैं। समय बीतने के साथ ही अमेरिका-इजरयाल और ईरान की बीच संघर्ष दिन-व-दिन भीषण होता जा रहा है। ग्राउंड ऑपरेशन की तैयारियों के बीच अमेरिका ने ईरान पर बड़ा हमला किया है। अमेरिका ने ईरान के प्रमुख शहर इस्फाहान (Isfahan) में बड़े हथियार गोदाम (ammunition depot) पर बंकर-बस्टर बमों से हमला किया है। इस हमले में 2000-पाउंड (लगभग 907 किलोग्राम) के भारी बंकर-बस्टर बमों का इस्तेमाल किया गया है। हमले का वीडियो राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर भी शेयर किया है।

सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक धमाकों के बाद कई जगह आग के गुबार उठे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रातभर शहर के अलग-अलग हिस्सों में धमाकों की आवाजें सुनी गईं। सोशल मीडिया वीडियो में विस्फोट और आग की लपटें दिखीं।

वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) के अनुसार, अमेरिकी अधिकारी ने पुष्टि की कि हमले में बड़ी संख्या में पेनेट्रेटर मुनिशन (penetrator munitions) तैनात किए गए, जिससे अंडरग्राउंड और मजबूत सुरक्षित ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचा है।अमेरिकी सेना के अधिकारियों ने बताया कि अमेरिका ने इस्फ़हान में एक प्रमुख गोला-बारूद डिपो पर 2,000 पाउंड के बंकर-बस्टर बमों का इस्तेमाल किया है। इससे पहले भी अमेरिका ने 7-8 मार्च को वहां हमला किया था। ऐसे में एक बार फिर अमेरिका ने बंकर बस्टर हथियारों का इस्तेमाल कर वहां तबाही मचाई है।


इजराइल की हाइफा ऑयल रिफाइनरी पर मिसाइल अटैक

इधर लेबनान के ईरान समर्थक उग्रवादी संगठन हिजबुल्लाह ने दावा किया कि उसने सोमवार को इजराइल के उत्तरी शहर हाइफा में ऑयल रिफाइनरी पर ईरानी मिसाइल से हमला किया। हमले के बाद रिफाइनरी परिसर में एक पेट्रोल टैंक में आग लग गई, जिससे इलाके में घना धुआं फैल गया। अभी तक यह साफ नहीं है कि आग मिसाइल हमले से लगी या इंटरसेप्ट किए गए मलबे के कारण।

सऊदी अरब ने एक घंटे में 8 बैलिस्टिक मिसाइलें मार गिराईं

सऊदी अरब ने दावा किया है कि उसने पिछले एक घंटे में कुल 8 बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया। इससे पहले खबर आई थी कि राजधानी रियाद की ओर दागी गई 4 मिसाइलों को मार गिराया गया है। इसके कुछ ही मिनट बाद रक्षा मंत्रालय ने दो और बयान जारी किए, जिनमें बताया गया कि 4 और मिसाइलों को भी नष्ट कर दिया गया। मंत्रालय के अनुसार, इन 4 में से 3 मिसाइलें रियाद की ओर दागी गई थीं, जबकि 1 मिसाइल पूर्वी प्रांत की ओर भेजी गई थी।

अमेरिकी सांसद बोले- ट्रम्प ईरान के खिलाफ बुरी तरह से हारे

अमेरिका के सांसद क्रिस मर्फी ने कहा है कि ट्रम्प प्रशासन के पास ईरान के खिलाफ कोई स्पष्ट रणनीति नहीं है और अमेरिका इस युद्ध में बुरी तरह से हार रहा है। सीनेट की विदेश संबंध समिति के प्रमुख सदस्य मर्फी उन नेताओं में शामिल हैं जो ईरान में चल रहे अमेरिका-इजराइल के संयुक्त सैन्य अभियान को तुरंत खत्म करने की मांग कर रहे हैं। मर्फी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई पोस्ट में लिखा कि बिना रणनीति के सिर्फ सैन्य कार्रवाई का कोई फायदा नहीं होता। उन्होंने कहा कि पहले भी हजारों दुश्मनों को मारने जैसी रणनीति विफल रही है और इससे दुश्मन को ही फायदा मिला। उन्होंने कहा, “ईरान में भी यही हो रहा है। हमारी रणनीति और तरीके असफल हो रहे हैं, इसलिए ईरान मजबूत हो रहा है।” उन्होंने चेतावनी दी कि यह युद्ध आगे चलकर चीन और ईरान के बीच और मजबूत गठबंधन बना सकता है।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m