अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग 319 पर आज मंगलवार (31 मार्च) की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार छात्रा की मौत हो गई। हादसे में साइकिल सवार एक दूसरी छात्रा भी गंभीर रूप से घायल है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया है। मृत छात्रा की पहचान दावथ थाना क्षेत्र के बादशाह गांव निवासी अरुण कुमार सिंह की 13 वर्षीय पुत्री नंदिनी कुमारी के रूप में हुई है।

ट्रक की चपेट में आईं दोनों छात्राएं

घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि मंगलवार की सुबह दो छात्राएं एक साइकिल पर सवार होकर ट्यूशन जा रहीं थीं। जैसे हीं दोनों छात्राएं राष्ट्रीय राजमार्ग 319 पर परमेश्वरपुर गांव के समीप पहुंची, एक ट्रक ने ओवरटेक करने के दौरान दोनों को रौंद दिया। घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्राओं को नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने एक छात्रा को मृत घोषित कर दिया। हालांकि दूसरी छात्रा की पहचान नहीं हो सकी है और सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसे इलाज के लिए वाराणसी ले गये।

जांच में जुटी पुलिस

मामले में दावथ थाने के चौकीदार रवि कुमार ने बताया कि, परमेश्वरपुर गांव के समीप ट्रक की चपेट में आने से एक छात्रा की मौत हुई है, जबकि एक अन्य छात्रा घायल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और फरार ट्रक चालक की पहचान के लिए प्रयास किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- ​वकील नहीं बन पाया तो बन गया अपराधी, अदालतों को ईमेल से धमकी देने वाला बेरोजगार लॉ छात्र गिरफ्तार