अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले से चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित भागवत कथा के दौरान दो पक्षों में मारपीट की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। दरअसल घटना के चार दिन बाद मारपीट का कई वीडियो अब विभिन्न सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पुलिस प्राप्त आवेदन के आलोक में मामले की जांच में जुट गई है। घटना रोहतास जिले के इंद्रपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर गांव की बताई जाती है।

धार्मिक आयोजन स्थल बना रणक्षेत्र

घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि बीते 26 मार्च को ग्राम नारायणपुर स्थित हनुमान मंदिर के प्रांगण में भैसहां पंचायत के उप मुखिया लोकनाथ यादव के नेतृत्व में भागवत कथा हो रही थी। कथा के अंत में आरती शुरू हुई, तभी गांव के कुछ लोग पूजा करने को लेकर आपस में हीं भिड़ गए। देखते हीं देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष से लाठी डंडे चलने लगे और इस हिंसक झड़प में दिव्यांग उपमुखिया समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

वीडियो वायरल, हथियार लहराते दिखे लोग

वहीं, धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मारपीट का कई वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है। विडियो में कई लोग सरेआम मारपीट करते और हथियार लहराते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि घटना को लेकर दोनों पक्षों से मामला दर्ज कर लिया गया है और कई लोग नामजद आरोपी बनाए गए हैं।

जांच पड़ताल में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते हीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया है तथा वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। बता दें कि घटना के बाद से हीं गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस हर गतिविधि पर नजर रख रही है।

ये भी पढ़ें- जमुई में दिनदहाड़े आटो चालक की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार चार अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम