पटना। मोकामा के पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह अपने खास अंदाज के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में उन्होंने बिहार की राजनीति, कानून-व्यवस्था और शराबबंदी जैसे गंभीर मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी। उनका यह बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
अपराध पर बेबाक राय: सरकार घर-घर पुलिस नहीं बैठाएगी
बिहार में बढ़ते अपराध के सवाल पर अनंत सिंह ने बेहद तीखा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सूबे में हत्याएं रुकने वाली नहीं हैं, चाहे मुख्यमंत्री की कुर्सी पर साक्षात भगवान ही क्यों न बैठ जाएं। उनके अनुसार, अधिकांश हत्याएं आपसी रंजिश और हमरा-तोरा की लड़ाई का नतीजा होती हैं। उन्होंने तर्क दिया कि सरकार हर व्यक्ति के घर पर पुलिस तैनात नहीं कर सकती। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि अपहरण का दौर अब खत्म हो गया है, आज अपराधियों में इतना खौफ है कि किडनैपिंग के दो घंटे के भीतर वे व्यक्ति को छोड़ देते हैं।
नदमा में महादंगल: जुटने वाली है भारी भीड़
अपने पैतृक गांव नदमा में आयोजित होने वाले महादंगल को लेकर अनंत सिंह काफी उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि 3 अप्रैल तक चलने वाले इस आयोजन में देश-विदेश से 100 से अधिक नामी पहलवान हिस्सा लेंगे। इस दंगल को देखने के लिए करीब 10 लाख लोगों के जुटने की उम्मीद है। मेहमानों के लिए भोजन और ठहरने के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
नीतीश का उत्तराधिकारी और सम्राट चौधरी का समर्थन
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाओं और एमएलसी पद से इस्तीफे पर उन्होंने कहा कि समर्थक भावुक हैं, लेकिन नीतीश जी ने उन्हें समझा दिया है। अगले मुख्यमंत्री के चेहरे पर राय देते हुए अनंत सिंह ने कहा कि जेडीयू से निशांत कुमार और बीजेपी से सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद के लिए बेहतर विकल्प हो सकते हैं। उन्होंने नीतीश कुमार की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके जैसा दूसरा नेता बिहार में पैदा नहीं होगा।
भविष्य की योजना: बेटे को बनाएंगे IPS
राजनीति से संन्यास के संकेत देते हुए अनंत सिंह ने स्पष्ट किया कि वे अब खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे। उनकी राजनीतिक विरासत उनका बड़ा बेटा संभालेगा, जबकि अपने छोटे बेटे अभिनव को वे IPS अधिकारी बनाना चाहते हैं। अभिनव ने भी अपने पिता के सपने को पूरा करने की इच्छा जताई है।
शराबबंदी खत्म करने की मांग
शराबबंदी पर अपनी राय रखते हुए उन्होंने इसे हटाने की वकालत की। अनंत सिंह का मानना है कि शराबबंदी के कारण बिहार के युवा अब अन्य घातक नशों की गिरफ्त में जा रहे हैं, जो समाज के लिए अधिक चिंताजनक है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

