अविनाश श्रीवास्तव/रोहतास। बिहार के नासरीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत परुरी गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जमीन के मामूली विवाद ने एक परिवार को तबाह कर दिया। यहां एक भांजे ने अपने ही मामा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात ने न केवल मानवीय संवेदनाओं को तार-तार किया है, बल्कि पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

​पुत्र के सामने पिता की हत्या

​मृतक की पहचान बैजनाथ सिंह के रूप में हुई है। चश्मदीदों के अनुसार, बैजनाथ सिंह अपने पुत्र के साथ गांव के चौराहे की ओर जा रहे थे। इसी बीच एक बड़ी कार में सवार होकर आए हथियारबंद हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों में उनका सगा भांजा रंजीत मरवाड़ और उसका साथी गोपाल राय शामिल थे। रंजीत ने अपने मामा पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुत्र की आंखों के सामने ही पिता गोलियों से छलनी होकर जमीन पर गिर पड़ा।

​सालों से चल रहा था विवाद

​बिक्रमगंज के एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विवाद की जड़ पैतृक जमीन का बंटवारा है। दरअसल, बैजनाथ सिंह की बहन और भांजा भी उसी गांव (परुरी) में रहते थे। वे लंबे समय से मामा की जमीन में हिस्सेदारी मांग रहे थे, जिसे लेकर दोनों पक्षों में पिछले कई वर्षों से तनातनी चल रही थी। यही विवाद आज हिंसक अंत में बदल गया।

​पुलिस की कार्रवाई और फरार आरोपी

​गोलीबारी के बाद स्थानीय लोग घायल बैजनाथ सिंह को तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया है। मुख्य आरोपी रंजीत मरवाड़ वारदात के बाद से फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही दोषियों को सलाखें के पीछे भेजा जाएगा।