अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। देश में ईंधन की किल्लत के मुद्दे पर कांग्रेस कल 2 अप्रैल को पूरे प्रदेश में बड़ा आंदोलन करने जा रही है, जिसके तहत पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा कल गुरुवार को जिला मुख्यालय पर धरना दिया जाएगा। वहीं, 3 अप्रैल को पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका जाएगा। यह जानकारी पूर्व विधायक तथा कांग्रेस के रोहतास जिला के प्रभारी रामचंद्र यादव ने सासाराम में प्रेस वार्ता कर दी है।

‘राहुल गांधी ने कराया था देश को अवगत’

बिहार सहित पूरे देश में खासकर LPG रसोई गैस को लेकर हो रही समस्या को देखते हुए कांग्रेस ने यह घोषणा की है, जिसको लेकर आज सासाराम में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एक प्रेस वार्ता किया। पीसी को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक रामचंद्र यादव ने बताया कि, इस विश्वव्यापी संकट से कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी ने पहले ही देश को अवगत करा दिया था। इसके बावजूद नरेंद्र मोदी की सरकार ने चेतने का काम नहीं किया।

3 अप्रैल को प्रदेश स्तर पर होगा विरोध

उन्होंने आगे कहा कि, आज नोटबंदी और कोरोना की तरह एक बार फिर से गरीब जनता गैस सिलेंडर के लिए लाइन में खड़ी है। इन मुद्दा को लेकर कांग्रेस कल से सड़क पर उतरेगी। कल सासाराम के समाहरणालय पर धरना दिया जाएगा। साथ ही तीन अप्रैल को प्रदेश स्तर पर विरोध दर्ज कराया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस नेता तथा पूर्व विधायक संतोष कुमार मिश्रा भी मौजूद रहे।

जय प्रकाश पांडे बने नए जिलाध्यक्ष

बता दें कि आज जिला कांग्रेस कार्यालय में नए जिलाध्यक्ष जय प्रकाश पांडे का भी स्वागत किया गया। पार्टी ने अमरेंद्र कुमार पांडे की जगह उन्हें पार्टी का नया जिलाध्यक्ष बनाया है। इस मौके पर जय प्रकाश पांडे ने कहा कि, कांग्रेस के जो पुराने कार्यकर्ता है या कांग्रेस के जो विचारधारा को मानने वाले लोग हैं। वैसे लोगों को वह एकजुट करेंगे तथा जिला में कांग्रेस को एक बार फिर से मजबूती प्रदान करने का काम करेंगे।

ये भी पढ़ें- मिडिल ईस्ट से वतन लौटा मरीन इंजीनियर देवनंदन प्रसाद सिंह का शव, कल भागलपुर में होगा अंतिम संस्कार, ईरान के ड्रोन हमले में हुई थी मौत