​भागलपुर। हबीबपुर थाना क्षेत्र के शाहजंगी स्थित प्राथमिक विद्यालय गंगोता मैदान में बुधवार को मिड-डे मील खाने के बाद बड़ा हादसा हो गया। स्कूल में परोसा गया खाना खाने से चौथी और पांचवीं कक्षा के 15 बच्चे अचानक बीमार पड़ गए। बच्चों ने उल्टी, सीने में दर्द और चक्कर आने की शिकायत की, जिसके बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

​खाने के कुछ ही देर बाद बिगड़ने लगी हालत

​मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल के मेन्यू के मुताबिक बच्चों को चावल और छोले की सब्जी दी गई थी। खाना खाने के कुछ ही मिनटों बाद बच्चों को अत्यधिक कमजोरी महसूस होने लगी और कई बच्चे जमीन पर गिर पड़े। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने ग्रामीणों के सहयोग से आनन-फानन में बच्चों को सदर अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल 13 बच्चों का इलाज सदर अस्पताल में और 2 का निजी अस्पताल में चल रहा है।

​छात्रा का आरोप: सब्जी खट्टी थी और महक रही थी

​अस्पताल में भर्ती पांचवीं कक्षा की छात्रा आरुषि कुमारी ने बताया कि चावल तो ठीक था, लेकिन छोले की सब्जी से अजीब तरह की बदबू आ रही थी। आरुषि के अनुसार, सब्जी का स्वाद खट्टा था। जैसे ही मैंने खाना खाया, मुझे तेज चक्कर आने लगे और पेट में दर्द शुरू हो गया। बीमार बच्ची की मां शबाना खातून ने भी स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बच्चों ने पहले ही सब्जी खराब होने की बात कही थी।

​चिकित्सकों की निगरानी में सभी बच्चे सुरक्षित

​सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजू ने बताया कि अस्पताल में कुल 13 बच्चे भर्ती कराए गए हैं। उन्होंने कहा, सभी बच्चों ने पेट दर्द और घबराहट की शिकायत की थी। प्राथमिक उपचार के बाद फिलहाल सभी की स्थिति स्थिर और सामान्य है। एहतियात के तौर पर उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखा गया है और पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद ही परिजनों को सौंपा जाएगा।

​अभिभावकों में भारी आक्रोश

​इस घटना के बाद स्कूल के बाहर और अस्पताल परिसर में अभिभावकों और स्थानीय ग्रामीणों का भारी जमावड़ा देखा गया। लोगों ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भोजन की गुणवत्ता की जांच की मांग की है। पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी अब इस मामले की जांच कर रहे हैं कि क्या भीषण गर्मी के कारण खाना खराब हुआ था या इसे बनाने में कोताही बरती गई।