Bihar News: बिहार में बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी ही राहत भरी खबर सामने आई है। उपभोक्ताओं को अब बिजली से जुड़ी छोटी-बड़ी समस्याओं का समाधान कराने के लिए बार-बार बिजली कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। दरअसल उर्जा विभाग ने अपने उपभोक्ताओं की सुविधाओं का ख्याल रखते हुए एक नई व्यवस्था शुरू करने का फैसला लिया है।

हर सोमवार और शुक्रवार को लगेगा शिविर

बिजली विभाग की इन नई पहल के तहत अब हर सोमवार और शुक्रवार को सभी विद्युत उपभोक्ता केंद्रों पर विशेष सहायता शिविर लगाने का फैसला लिया है। सोमवार और शुक्रवार को लगने वाले इन शिविरों में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का निदान किया जाएगा। शिविर में अधिकारियों की तैनाती रहेगी, जो उपभोक्ताओं की समस्याओं को सुन उनका सामाधान करेंगे। विभाग ने यह भी दावा किया है कि शिविर में आई शिकायतों का 72 घंटे के अंदर निपटारा कर दिया जाएगा।

समस्याओं को तुरंत होगा निपटारा

गौरतलब है कि गर्मियों के मौसम में बिजली की खपत बढ़ने के साथ ही बिजली व्यवस्थाओं में काफी समस्याएं भी बढ़ जाती है। गर्मी के मौसम में उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज, बिजली बिल में गड़बड़ी, फॉल्ट या फिर मीटर से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उर्जा विभाग ने इन्हीं सब समस्याओं को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। इस कदम से उपभोक्ताओं की समस्याओं का समय से निदान हो सकेगा और उन्हें बार-बार दफ्तर का चक्कर भी नहीं लगाना पड़ेगा।

बढ़ते लोड आपूर्ती को लेकर विभाग तैयार

इस बारे में पेसू के महाप्रबंधक दिलीप सिंह ने बताया कि, विभाग की तरफ से राजधानी समेत सभी क्षेत्रों के सेक्शन कार्यालय में उपभोक्ता शिविर लगाया जाएगा। जिससे बिजली संबंधित अन्य समस्या का तुरंत निदान किया जाएगा। इसके लिए बिजली कंपनी की तरफ से एक खास टीम तैयार की जाएगी। साथ ही उपभोक्ताओं को 125 यूनिट बिजली फ्री व नए टैरिफ के विषय में कोई संशय हो तो इसकी सभी जानकारी भी साझा की जाएगी। उन्होंने बताया कि, गर्मियों में बढ़ते लोड आपूर्ति के लिए आरडीएसएस का काम लगभग पूरा कर लिया गया है।

ये भी पढ़ें- नीचे आओ, सीधा ससुराल लेकर चलेंगे, टावर पर चढ़े आशिक को उतारने के लिए पुलिस ने दी लिखित गारंटी, 6 घंटे बाद खत्म हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा