पटना। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है। किशनगंज के एसडीपीओ गौतम कुमार अब मनी लॉन्ड्रिंग के शिकंजे में हैं। 80 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति के मामले में ईडी (ED) भी जल्द ही जांच शुरू करेगी। पुलिस मुख्यालय ने उन्हें पद से हटाकर मुख्यालय अटैच कर दिया है और उनका निलंबन अब तय माना जा रहा है।
रिश्तेदारों और प्रेमिका के नाम निवेश
1994 बैच के दारोगा से एसडीपीओ बने गौतम कुमार ने संपत्ति जुटाने के लिए शातिर तरीके अपनाए। EOW की जांच में सामने आया कि उन्होंने अपने नाम पर कोई जमीन नहीं खरीदी। पूर्णिया में मिले 16 प्लॉटों में से 7 उनकी प्रेमिका, 4 पत्नी, 3 सास और 1 बेटे के नाम है। पूर्णिया की रहने वाली महिला मित्र के खाते में न केवल भारी लेनदेन मिला, बल्कि उसके नाम पर ट्रक और महंगे जेवर भी खरीदे गए। पटना के मुन्नाचक में आलीशान मकान के अलावा, नोएडा और गुरुग्राम में भी उनके फ्लैट्स का पता चला है।
विधायक कनेक्शन और सिलीगुड़ी के चाय बागान
जांच की आंच अब राजनीतिक गलियारों तक पहुंच गई है। ईओयू को गौतम कुमार और पूर्णिया के एक विधायक के बीच गहरे संबंधों के सबूत मिले हैं। चर्चा है कि दोनों ने मिलकर सिलीगुड़ी में चाय का बागान खरीदा है। EOW अब इस कड़ी को जोड़ रही है कि नोएडा और गुरुग्राम के रियल एस्टेट निवेश में विधायक की कितनी हिस्सेदारी है।
डीआरडीए निदेशक वैभव कुमार भी रडार पर
भ्रष्टाचार का दूसरा बड़ा चेहरा सहरसा के डीआरडीए निदेशक वैभव कुमार हैं। मात्र 12-13 साल की नौकरी में उन्होंने पटना और मुजफ्फरपुर में 16 प्लॉट खरीदे, जिनकी सरकारी कीमत 10 करोड़ से अधिक है। वैभव ने अपने नाबालिग बेटे के नाम पर मुजफ्फरपुर में आईटीआई कॉलेज भी खुलवाया है। ग्रामीण विकास विभाग से उनके कार्यकाल के दौरान क्रियान्वित योजनाओं का ब्यौरा मांगा गया है।
विभागीय कार्रवाई और जब्ती की तैयारी
दोनों अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर की कॉपी संबंधित विभागों को भेज दी गई है। गौतम कुमार की जगह मंगलेश कुमार को किशनगंज का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। आने वाले दिनों में EOW और ईडी की संयुक्त कार्रवाई इन बेनामी संपत्तियों को जब्त करने की दिशा में आगे बढ़ेगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

