दिल्ली-एनसीआर के हिंडन एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले लोगों के लिए एक बड़ी निराशाजनक खबर सामने आई है. मुंबई, अहमदाबाद और पटना जैसे प्रमुख शहरों के लिए यहां से संचालित होने वाली फ्लाइट्स अचानक बंद कर दी गई हैं. जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया एक्सप्रेस (Air India Express) ने हिंडन एयरपोर्ट से अपना पूरा ऑपरेशन बंद कर दिया है. वहीं इंडिगो ( IndiGo) ने भी अपनी उड़ानों की संख्या में भारी कटौती कर दी है, जिससे यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं. बताया जा रहा है कि इस फैसले के पीछे एयरपोर्ट की परिचालन सीमाएं, सीमित स्लॉट और संसाधनों की कमी जैसे अहम कारण हैं. हिंडन एयरपोर्ट मूल रूप से भारतीय वायुसेना का एयरबेस है, जहां नागरिक उड़ानों के लिए सीमित सुविधाएं उपलब्ध हैं.

पिछले साल बड़े उत्साह के साथ शुरू हुआ यह एयरपोर्ट अब धीरे-धीरे अपनी चमक खोता नजर आ रहा है. शुरुआत में यहां से करीब 16 शहरों के लिए लगभग 50 उड़ानें संचालित होती थीं, लेकिन अब यह संख्या घटकर महज 7 शहरों और 14 उड़ानों तक सीमित रह गई है. सबसे बड़ा झटका तब लगा जब Air India Express ने यहां से अपना पूरा ऑपरेशन बंद कर दिया. इसके चलते मुंबई, अहमदाबाद और पटना जैसे बड़े शहरों की सीधी हवाई कनेक्टिविटी पूरी तरह खत्म हो गई है. वहीं IndiGo द्वारा उड़ानों में कटौती किए जाने से स्थिति और बिगड़ गई है. इसका असर सिर्फ बड़े शहरों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि भटिंडा, लुधियाना और किशनगढ़ जैसे शहरों के लिए भी उड़ान सेवाएं प्रभावित हुई हैं.

एयरलाइंस कंपनियां क्यों पीछे हट रही?

जानकारी के मुताबिक Air India Express और अन्य एयरलाइंस के इस फैसले के पीछे एयरपोर्ट की संचालन सीमाएं सबसे बड़ी वजह हैं. हिंडन एयरपोर्ट दरअसल भारतीय वायुसेना के एयरबेस के भीतर संचालित होता है. ऐसे में सुरक्षा कारणों से यहां नागरिक उड़ानों पर कई तरह की सख्त पाबंदियां लागू हैं. सबसे बड़ी समस्या यह है कि यहां सूर्योदय से सूर्यास्त के बीच ही फ्लाइट ऑपरेशन की अनुमति है. रात में उड़ान संचालन की सुविधा नहीं है. इससे एयरलाइंस के लिए शेड्यूल बनाना मुश्किल हो जाता है. कनेक्टिंग फ्लाइट्स और लंबी दूरी की उड़ानों पर असर पड़ता है.

विमानों की सीमित उपलब्धता के चलते एयरलाइंस अब उन रूट्स को प्राथमिकता दे रही हैं, जहां यात्रियों की संख्या ज्यादा हो और मुनाफा सुनिश्चित हो. हिंडन एयरपोर्ट फिलहाल इन मानकों पर खरा नहीं उतर पा रहा इसी वजह से Air India Express ने यहां से ऑपरेशन बंद कर दिया IndiGo ने भी उड़ानों में कटौती कर दी . सर्दियों के मौसम में घना कोहरा और कम विजिबिलिटी बड़ी समस्या बन जाती है. कई बार फ्लाइट्स को रद्द या डायवर्ट करना पड़ता है. इससे एयरलाइंस को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है.

यात्रियों पर पड़ेगा सीधा असर

अथॉरिटी के मुताबिक, प्रबंधन लगातार एयरलाइंस कंपनियों के संपर्क में है, ताकि भविष्य में यहां सुविधाएं बढ़ाई जा सकें और उड़ानों की संख्या फिर से बढ़े. हालांकि फिलहाल हालात यात्रियों के लिए मुश्किल भरे बने हुए हैं. इस फैसले का सबसे ज्यादा असर गाजियाबाद और नोएडा के यात्रियों पर पड़ा है. पहले हिंडन से सीधे उड़ान की सुविधा मिल जाती थी अब उन्हें दूसरे शहरों के लिए लंबा सफर तय करना पड़ेगा मुंबई या पटना जैसे शहरों के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को अब इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा जाना पड़ेगा. इससे यात्रा का समय बढ़ेगा साथ ही खर्च भी ज्यादा होगा.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m