सोहराब आलम/​मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से एक बार फिर सनसनीखेज मामला सामने आया है। मोतिहारी के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र स्थित बलगंगा गांव में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है, जबकि चार अन्य लोग जीवन और मौत के बीच जूझ रहे हैं। इस घटना ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस महकमे में बेचैनी पैदा कर दी है।

​क्या है पूरा मामला?

​ग्रामीणों के बीच यह चर्चा जोरों पर है कि इन सभी व्यक्तियों की तबीयत जहरीली शराब का सेवन करने के बाद बिगड़ी है। मृतक की पहचान चंदू के रूप में हुई है। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि शराब पीने के कुछ ही समय बाद चंदू की तबीयत बिगड़ने लगी और अस्पताल ले जाने के क्रम में उसने दम तोड़ दिया। हालांकि, पुलिस अभी शराब की बात की आधिकारिक पुष्टि करने से बच रही है और इसे एक संदिग्ध मौत मानकर चल रही है।

​अस्पतालों में चल रहा है घायलों का इलाज

​इस घटना में बीमार हुए लोगों की पहचान लोहा सिंह, लड्डू, संपत और दीपक के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, दो लोगों का इलाज शहर के अलग-अलग निजी नर्सिंग होम में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। वहीं, सूत्रों का कहना है कि दो अन्य बीमार लोग पुलिस की कार्रवाई के डर से कहीं छिपकर अपना इलाज करा रहे हैं।

​जांच में जुटी पुलिस

​घटना की सूचना मिलते ही रघुनाथपुर थाना पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस की टीम उन नर्सिंग होम में पहुंच चुकी है जहां बीमार लोग भर्ती हैं, ताकि उनके बयान दर्ज किए जा सकें। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बीमार लोगों के बयान के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल, गांव में तनाव और मातम का माहौल है।