पटना‌। ​बिहार की राजनीति के छोटे सरकार यानी अनंत सिंह अपने खास अंदाज के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में बिहार विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए गठित 19 समितियों में उन्हें पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण समिति का सदस्य बनाया गया है। जब उनसे इस नई जिम्मेदारी और पर्यावरण के लिए उनकी भविष्य की योजनाओं पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने अपने ठेठ अंदाज में जवाब दिया ई सब हम जानबे नहीं करते हैं कि हम क्या बने हैं और क्या नहीं।

​नदवां में महादंगल: 10 लाख लोगों के जुटने का दावा

​अनंत सिंह इन दिनों अपने पैतृक गांव नदवां में आयोजित होने वाले महादंगल की तैयारियों में जुटे हैं। 3 अप्रैल को होने वाले इस विशाल आयोजन में देश-विदेश से 100 से अधिक पहलवान हिस्सा लेंगे। अनंत सिंह ने दावा किया है कि इस दंगल को देखने के लिए लगभग 10 लाख लोग जुटेंगे। उन्होंने कहा, बिहार के इतिहास में ऐसा आयोजन पहले कभी नहीं हुआ। बाहर से आने वाले मेहमानों के लिए खाने-पीने और रहने के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

​हारना मेरे नसीब में नहीं

​अपने चुनावी और व्यक्तिगत जीवन पर बात करते हुए उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा कि हार उनके शब्दकोश में नहीं है। उन्होंने कहा, आज तक हम किसी चीज में हारे ही नहीं हैं, हार मेरी कुंडली में है ही नहीं। नदवां में मैंने कई कार्यक्रम करवाए हैं, नाच-गाने भी हुए, लेकिन कभी कोई हंगामा नहीं हुआ। युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि दंगल जैसे खेल युवाओं का ध्यान भटकने से बचाएंगे।

​घोड़े लाडला के साथ दिखे बाहुबली

​आयोजन की तैयारियों के बीच अनंत सिंह अपने पसंदीदा घोड़े लाडला के साथ नदवां की सड़कों पर नजर आए। इस दौरान घोड़े को नियंत्रित कर रहे व्यक्ति को देखकर उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि इस घोड़े को संभालने के लिए बहुत ताकतवर आदमी की जरूरत होती है। उन्होंने बताया कि बचपन में वे खुद दंगल नहीं लड़ते थे, बल्कि दंगल करवाते थे और उसे देखने दूर-दूर तक जाते थे।

​नीतीश की तारीफ और अगले मुख्यमंत्री पर राय

​नीतीश कुमार के प्रति अपनी निष्ठा जाहिर करते हुए अनंत सिंह ने कहा कि बिहार में दूसरा कोई नीतीश कुमार पैदा नहीं होगा। उन्होंने लालू राज पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पहले साफ कपड़े पहनकर निकलना भी खतरे से खाली नहीं था। अगले मुख्यमंत्री के सवाल पर उन्होंने अपनी राय देते हुए कहा, अगर जेडीयू से कोई बने तो निशांत कुमार सबसे बेहतर हैं, और बीजेपी से सम्राट चौधरी भी अच्छे विकल्प हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नीतीश जी जनता की भलाई के लिए ही राज्यसभा जा रहे हैं।