अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। लोकायुक्त संभाग रीवा की टीम ने एक सहायक उप निरीक्षक (ASI) को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि एएसआई ने जमानत के नाम पर घूस मांगी थी। जिसे लोकायुक्त पुलिस ने दबोच लिया।

दरअसल, मामले की शिकायत ग्राम गंधियां पोस्ट अमझोर निवासी हरी दीन साहू ने 30 मार्च को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में की थी। जिसमें बताया गया कि उसके भाई श्रवण कुमार साहू की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद विरोध प्रदर्शन करने पर पुलिस ने 18 लोगों पर चक्काजाम का मामला दर्ज किया था। आरोप है कि इस प्रकरण में जमानत दिलाने के एवज में ASI ऐहसान खान ने प्रति व्यक्ति 2500 रुपए की रिश्वत मांगी थी।

ये भी पढ़ें: भोपाल में TI लाइन अटैच: बिना कार्रवाई के गांजा तस्करों को छोड़ा, 1.70 लाख में हुआ था सौदा

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन पर सत्यापन कराया गया। जांच के दौरान आरोपी ने शिकायतकर्ता से 2 हजार की रिश्वत लेना प्रमाणित हुआ। साथ ही अन्य आरोपियों से भी पैसे की मांग किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद लोकायुक्त टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की विवेचना शुरू कर दी गई है।

ये भी पढ़ें: भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन डिपो में करोड़ों की धोखधड़ीः फ्लीट कार्ड योजना का दुरुपयोग, 7 व्यापारियों के खिलाफ मामला दर्ज

यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश और पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई। लोकायुक्त की इस कार्रवाई से एक बार फिर साफ हो गया है कि प्रदेश में रिश्वतखोरी के खिलाफ सख्ती जारी है और भ्रष्ट अधिकारियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m