प्रमोद कुमार, कैमर। जिला शिक्षा विभाग की ओर से आज गुरुवार 2 अप्रैल 2026 को समाहरणालय स्थित मां मुण्डेश्वरी सभागार में ‘प्रतिभा सम्मान समारोह 2026’ का आयोजन किया गया। इस समारोह में जिला पदाधिकारी कैमूर द्वारा इण्टरमीडिएट एवं मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2026 में जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

जिले के इंटर टॉपर्स का हुआ सम्मान

समारोह में विभिन्न संकायों के जिला टॉपरों को पुरस्कृत किया गया, जिनमें मुख्य रूप से निम्नलिखित परीक्षार्थी शामिल रहे:
इन्टरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 (टॉपर्स) कला में पूर्वी कुमारी (92.80%) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। शुभम प्रसाद (92.60%) दूसरे और रोशनी गुप्ता (92.40%) तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, वाणिज्य में सपना राय (85.60%) जिला टॉपर बनी हैं। देव श्रीवास्तव और माही केशरी (85.20%) संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। जबकि विज्ञान में सुहाना कुमारी ने 93.80% अंकों के साथ जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। सुहानी सिंह (91.00%) दूसरे और काजल कुमारी व नीमा कुमारी (90.80%) संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रही हैं।

​मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2026 (टॉपर्स)

जिले में ​विकास कुमार गुप्ता ने 97.20% (486 अंक) प्राप्त कर मैट्रिक परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं, ​श्वेता कुमारी, सुजाता कुमारी और पल्लवी पाण्डेय (96.40%) ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया है। जबकि मोहम्मद गौहर अंसारी (96.20%) जिले में तीसरे स्थान पर रहे।

29 मार्च को जारी हुआ था 10वीं का रिजल्ट

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने इस बार 29 मार्च को मैट्रिक (10वीं) का परीक्षा परिणाम जारी किया था। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बोर्ड कार्यालय से आधिकारिक रूप से नतीजे घोषित किए। इस साल कुल 12,35,743 विद्यार्थी सफल रहे हैं, जिससे कुल पास प्रतिशत 81.79% रहा। वैशाली की सबरीन प्रवीण और जमुई (सिमुलतला स्कूल) की पुष्पांजलि कुमारी ने संयुक्त रूप से राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। दोनों टॉपरों ने 500 में से 492 अंक हासिल किए हैं।

इंटर में 85.19 प्रतिशत छात्र हुए सफल

वहीं, बिहार बोर्ड ने सोमवार (23 मार्च) को 12वीं की परीक्षा का परिणाम घोषित किया था। बोर्ड ने साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स तीनों संकायों का रिजल्ट एक साथ जारी किया है। इस साल इंटर की परीक्षा में 85.19 प्रतिशत छात्र सफल हुए। इंटर की परीक्षा में 13 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए थे। समस्तीपुर के आदित्य प्रकाश अमन ने साइंस संकाय में टॉप किया। उन्होंने 481 अंक प्राप्त किया। यह कुल अंकों का 96.20 प्रतिशत है।

ये भी पढ़ें- जदयू नेता ललन सिंह का विवादित बयान, इस राज्य की CM को बताया जंतु, बोले- वो थेथरई पर आमादा…