भिलाईनगर। सेल के निदेशक (कार्मिक) संसाधन विकास कृष्ण कुमार सिंह ने 2 अप्रैल को स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार ग्रहण किया है।

यह भी पढ़ें : CG Morning News : पश्चिम बंगाल दौरे पर जाएंगे सीएम साय, खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का समापन आज, राज्य सेवा परीक्षा के लिए आवेदन 15 अप्रैल तक, गर्मी में 4 घंटे लगेगी आंगनबाड़ी, निरस्त ट्रेनें हुई बहाल

सिंह प्रचालन, मानव सतकर्ता और कार्मिक एवं प्रशासन जैसे विविध क्षेत्रों में लगभग चार दशकों के गहन अनुभव के साथ सेल की विकास गाथा में एक महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1987 में भिलाई इस्पात संयंत्र में एक प्रबंधन प्रशिक्षु के रूप में की थी, जहाँ उन्होंने मानव संसाधन विकास विभाग में जाने से पहले ब्लूमिंग एंड बिलेट मिल में एक दशक से अधिक समय तक अपना योगदान दिया।

उन्होंने कार्मिक और प्रशासन विभाग के कार्यकारी निदेशक (प्रभारी) सहित कई लीडरशिप पदों पर कार्य किया है। उन्हें 2022 में निदेशक (कार्मिक) नियुक्त किया गया, जो उनके गहरे डोमेन ज्ञान और मजबूत नेतृत्व कौशल को दर्शाता है।

लाखों रुपए के गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। पुलिस को वाहन चेकिंग के दौरान एक आरोपी से 1,44,000 रुपए कीमत का 2.880 किलो ग्राम गांजा बरामद करने में सफलता मिली है। आरोपी को मादक पदार्थ के साथ मौके पर गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से इलेक्ट्रॉनिक तराजू एवं स्कूटी सीजी 07 बी यू 2400 को जब्त किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

थाना कोतवाली पुलिस द्वारा नयापारा चौक के पास वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक स्कूटी चालक संदिग्ध पाए जाने पर उसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक थैली में अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला। आरोपी विशाल साहू (62 वर्ष) निवासी इंदिरा नगर बघेरा ने गांजा की बिक्री करने के लिए गांजा को अपने पास रखना स्वीकार किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

योगा उद्यान में रातों-रात हुई भगवान की की प्रतिमा स्थापित

भिलाईनगर। नेहरू नगर स्थित योगा उद्यान में बनाए गए शेड के नीचे स्थानीय लोगों ने रातों रात भगवान की प्रतिमा स्थापित कर दी। सुबह निगम को इसकी जानकारी हुई तो जोन एक के आयुक्त अजय सिंह राजपूत एवं राजस्व विभाग तोड़-फोड़ अमला सहित उद्यान विभाग के अधिकारी तिलेश्वर साहू ने मौके पर पहुंच प्रतिमा हटाने प्रयास किया। इसका कुछ लोगों ने विरोध करते हुए दबाव बनाने की कोशिश की। ऐसो में पुलिस प्रशासन बुलाना पड़ा।

भिलाई नगर निगम के अधिकारियों ने भगवान की प्रतिमा को हटाने दबाव बनाया तो प्रतिमा स्थापित करने वाले लोगों हनुमान जन्मोत्सव का हवाला देते हुए 3 अप्रैल को प्रतिमा को हटाने का निगम प्रशासन से वायदा किया है। 24 घंटे में हटाएंगे प्रतिमा : योगेश तिवारी, केतन तिवारी, प्रताप सिंग, सुमन गुप्ता, अरुणा यादव, अभिषेक पांडेय, सरस्वती यादव, सौरभ जायसवाल व भूपेश तिवारी ने नेहरू नगर के जोन आयुक्त अजय सिंह राजपूत को लिखित में कहा है कि 24 घंटे के भीतर उक्त भगवान की प्रतिमा को स्वयं हटा लेंगे।

खनिज विभाग ने वित्तीय वर्ष के लक्ष्य ज्यादा हासिल किया राजस्व

दुर्ग। खनिज विभाग ने जिले में गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में लक्ष्य से 6 करोड़ रुपए अधिक का राजस्व प्राप्त किया। विभाग कुल लक्ष्य का 105 प्रतिशत आय अर्जित करने में सफल रहा। वहीं पूरे वित्तीय वर्ष में डेढ़ सौ से अधिक खनिज एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।

जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में खनिज विभाग को जिले से कुल 90 करोड़ रूपए की राजस्व वसूली का लक्ष्य मिला था। इसके विरुद्ध विभाग कुल 96 करोड़ रुपए की राजस्व वसूली करने में कामयाब रहा। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण से विभाग को राजस्व की हानि से बचाने इस पर रोक लगाने लगातार जिला प्रशासन के निर्देश के अनुसार दबिश देकर जांच की कार्रवाई जारी रही। इस कार्रवाई के दौरान हाइटेक तरीके से अवैध रेत उत्खनन का ममला पकड़ में आया। इसके अलावा अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के डेढ़ सौ से अधिक मामले पकड़े गए। इन मामलों में संलग्न लोगों से भी जुर्माना के रूप में करोड़ों रुपए वसूल किए।

वित्तीय वर्ष 2024-25 में लक्ष्य ही हासिल नहीं कर पाया था विभाग को इसके पूर्व के वित्तीय वर्ष 2024-25 में जिले से कुल 80 करोड़ रुपये की राजस्व वसूली का लक्ष्य मिला था मगर विभाग साढ़े उन्यासी करोड़ रुपए के आसपास ही राजस्व प्राप्त कर सका था।

स्वास्थ्य सचिव का करीबी स्टॉफ बनकर निजी अस्पतालों से पैसे की मांग का आरोप

भिलाईनगर। राज्य के स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया का करीब स्टॉफ बनकर निजी अस्पताल संचालकों को धमकाने और रुपए मांगने की शिकायत का सनसनी खेज मामला सामने आया है। तथाकथित अजय अग्रवाल के खिलाफ मोहननगर पुलिस और पुरानी भिलाई ने धारा 308 बीएनएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना कर शुरु कर दी है।

शिकायत लेकर अस्पताल संचालक खुद मंत्रालय पहुंचे थे। इसके बाद सचिवालय व मंत्रालय में कथित अजय अग्रवाल नामक व्यक्ति की पतासाजी की। उक्त व्यक्ति का कुछ पता नहीं चलने पर स्वास्थ्य सचिव ने रायपुर पुलिस कमिश्नर डा. सचिव शुक्ला को पत्र लिखकर घटनाक्रम की जानकारी दी। इधर पत्र में जिन अस्पतालों के नाम बताए गए वे भिलाई-दुर्ग के निकले तो संबंधित पत्र को रायपुर से दुर्ग भेजा गया। दुर्ग पुलिस ने दो मोबाइल नंबरों के आधार पर जांच शुरु की। ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि इस मामले में मोहननगर और पुरानी भिलाई थाने में धारा 308 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना कर रही है।

अग्निवीर भर्ती के लिए पंजीयन की तिथि संशोधित

दुर्ग। सेना भर्ती कार्यालय रायपुर जानकारी अनुसार भारतीय थल सेना में अग्निवीर की भर्ती 2027 के लिये अधिसूचना जारी कर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किया गया है। ऑनलाईन आवेदन करने की अंतिम तिथि 1 अप्रैल निर्धारित थी जिसे संशोधित कर 10 अप्रैल किया गया है। जिले के योग्य एवं इच्छुक आवेदक अग्निवीर भर्ती 2026-27 हेतु शीघ्र ऑनलाईन आवेदन जमा करें।।

जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र दुर्ग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इच्छुक आवेदक भारतीय सेना की वेबसाइट पर जा कर अग्निवीर की भर्ती हेतु जनरल, तकनीकी, क्लर्क, ट्रेडमैन ( 8वीं- 10 वीं पास) महिला सैन्य पुलिस नर्सिंग सहयोगी और सिपाही फार्मा के पदों के लिए अपनी योग्यतानुसार 10 अप्रैल रात्रि 11.59 तक ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं।

इस बार के अभ्यर्थी अग्निवीर के दो पदों के लिए अपनी योग्यतानुसार आवेदन कर सकतें है। अग्निवीर क्लर्क के अभ्यर्थियों को ऑनलाइन परीक्षा के समय टाइपिंग टेस्ट देना होगा। ऑनलाइन परीक्षा जून 2026 में निर्धारित है। किसी भी अन्य जानकारी और समस्या के लिये सेना भर्ती कार्यालय रायपुर के टेलीफोन नंबर 0771-2965212 / 0771-2965214 पर संपर्क करें। अथवा विस्तृत जानकारी के लिये जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, दुर्ग के सूचना पटल का अवलोकन कर सकते है।

ईद मिलन समारोह 4 को

भिलाईनगर। शहर में सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 4 अप्रैल को ईद मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम शाम 7 बजे जुनवानी रोड स्थित गैलेक्सी बैंकेट हॉल (इंडियन कॉफी हाउस के पास) में आयोजित होगा। आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में ज्ञानी प्रवीण सिंह (हेड ग्रंथी, गुरुद्वारा नानक सर), रेव, फादर साबू जोसेफ (पैरिश प्रीस्ट, कैथोलिक चर्च), भंते शील रतन (भारतीय बौद्ध महासभा), विनोद वासनिक, आशा दीदी (ब्रह्माकुमारी), बी. एल. कुर्रे शामिल होंगे। साइबर फ्रॉड से बचने के लिए कार्यशाला 5 अप्रैल भिलाईनगर । दुर्ग पुलिस (क्राइम ब्रांच एवं साइबर विशेषज्ञ) के सहयोग से महाराष्ट्र संस्कृतिक मंडल, हुडको ने साइबर क्राइम पर महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन 5 अप्रैल को श्री गणेश मंदिर, हुडको के सभागार में रात 7 बजे से 8 बजे तक किया गया है। साइबर अपराध की शिकायत कहाँ और कैसे करें? इस पर उपयोगी जानकारी दी जाएगी।

निजी स्कूलों की तरह शासकीय स्कूलों के बच्चों को मिलेगा नया ड्रेस

राजनांदगांव। अब शासकीय स्कूलों के बच्चों को भी निजी स्कूलों की तर्ज पर ड्रेस कोड की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी जिसकी तैयारियां शुरू कर दी गई है। प्रदेश सरकार के निर्देश के बाद नए ड्रेस कोड तैयार किया जा रहे हैं।

शिक्षा विभाग के आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस वर्ष प्राथमिक तथा पूर्व माध्यमिक शालाओं के बच्चों को नए ड्रेस कोड की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी। शिक्षा सत्र शुरू होने के साथ ही नौनिहालों को ये ड्रेस कोड उपलब्ध कराए जाएंगे। बच्चों की कुल दर्ज संख्या तैयार कर ली गई है। प्राथमिक तथा पूर्व माध्यमिक शालाओं में 35000 से अधिक बच्चे अध्ययन करते हैं। जिन्हें अब नया ड्रेस कोड उपलब्ध कराया जाएगा।

ज्ञात हो कि शासकीय शालाओं में भी अध्ययन अध्यापन को आधुनिक स्वरूप देने के साथ-साथ बच्चों को बेहतर से बेहतर सुविधा देने की हर संभव कोशिश की जा रही है। प्रदेश सरकार के निर्देश के बाद अब निजी स्कूलों की तर्ज पर शासकीय स्कूलों के बच्चों को भी नए ड्रेस कोड की व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रावधान रखा गया है। राजनांदगांव जिले में भी नई ड्रेस कोड को तैयार कराया जा रहा है.

जिला शिक्षा कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, राजनांदगांव जिले की प्राथमिक तथा पूर्व माध्यमिक शालाओं में बच्चों की दर्ज संख्या क्रमशः 11000 और 10000 के आसपास है। प्राथमिक तथा पूर्व माध्यमिक शालाओं को इस वर्ष नए ड्रेस कोड की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का प्रावधान किया गया है। जिसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। स्कूलों के बच्चों के बदल जाएंगे पुराने ड्रेस कोड जिला शिक्षा कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक इस वर्ष प्राथमिक तथा पूर्व माध्यमिक शालाओं में अध्ययन करने वाले बच्चों को नए ड्रेस कोड की व्यवस्था कराई जाएगी।

पहली बार बदलेगा

शासकीय शालाओं का ड्रेस, शालाओं को भी दे रहे आधुनिक स्वरूप प्रदेश सरकार की पहल के बाद पहली बार शासकीय स्कूलों में अध्ययन करने वाले जो नौनिहालों को भी निजी स्कूलों की तरह नए ड्रेस की सुविधा का लाभ मिलेगा। शासन का आदेश आ जाने के बाद राजनांदगांव जिले में इसकी व्यापक तैयारियां की जा रही है । इस वर्ष शिक्षा सत्र की शुरुआती दिनों में उत्साह के साथ प्रवेश उत्सव भी मनाया जाएगा। नई ड्रेस कोड के साथ-साथ निशुल्क पुस्तक की भी भरपूर व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी।

हटाए जाएंगे घुमका के प्राधिकृत अधिकारी

राजनांदगांव। घुमका सोसायटी के प्राधिकृत अधिकारी नोहेन्द्र सिन्हा जांच में दोषी पाए गए हैं। उनके खिलाफ पद से हटाने के लिए कभी भी कार्रवाई की जा सकती है। सहकारिता विभाग इस मामले में कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।

उल्लेखनीय है कि राजस्व विभाग की एक टीम ने नोहेन्द्र सिन्हा की फर्म सिन्हा ट्रेडर्स में छापा मारा था। जिसमें 42 कट्टा धान और पांच कट्टा गेहूं पकड़ाया था, लेकिन इस संबंध में दस्तावेज नहीं मिले थे। जिस पर राजस्व विभाग की टीम ने कार्रवाई के लिए लिखा था। खबर है कि सहकारिता विभाग ने जांच पूरी कर ली है और घुमका सोसायटी के प्राधिकृत अधिकारी को इस मामले में दोषी पाया गया है।

धान खरीदी में भी मिली थी गड़बड़ी

घुमका सोसायटी में धान खरीदी के दौरान बड़े पैमाने पर गड़बड़ी पाई गई। थी। सोसायटी कैंपस में हजारों बोरा धान ऐसा पाया गया था, जिसका कोई हिसाब-किताब नहीं था। जिसमें भी प्राधिकृत अधिकारी सहित दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र लिखा गया था, लेकिन आज पर्यन्त कार्रवाई नहीं हो पाई है।

रेंगाकठेरा में भी होगी कार्रवाई

रेंगाकठेरा सोसायटी के प्राधिकृत अधिकारी पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई संभावित है। बताया जा रहा है कि पांच साल से संबंधित सोसायटी से किसी भी प्रकार का लोन लिया नहीं गया है। जिसको लेकर भी कार्रवाई की जा रही है।

घुमका के प्राधिकृत अधिकारी जांच में दोषी पाए गए- टंडन

सहकारिता विभाग के अधिकारी नारायण लाल टंडन ने कहा कि घुमका के प्राधिकृत अधिकारी के खिलाफ जांच चल रही थी। जिसमें ये दोषी पाए गए हैं, उनके कार्रवाई की जाएगी।

रियल स्टेट बाजार में मंदी, नहीं हो पाया टारगेट पूरा

राजनांदगांव। पहली बार जिले में जमीन की खरीदी बिक्री में मंदी आई है। इस साल गाइडलाइन दर में मनमाने बढ़ोत्तरी और छोटे टुकड़ों के प्लाट की रजिस्ट्री पर प्रतिबंध लगाए जाने के कारण राजस्व में गिरावट रजिस्ट्री की संख्या में भी जबरदस्त गिरावट दर्ज दर्ज की गई है। राजस्व के आलावा की गई है। रिकार्ड पर गौर करे तो पिछले साल की अपेक्षा इस बार 1869 रजिस्ट्री कम हुई है।

जानकारो की माने तो ऐसा पहली बार हुआ कि सरकारी राजस्व पूरा नही हो पाया है। पिछले साल जिले में 145 करोड़ से अधिक का टारगेट शासन के खजाने में गया था। लेकिन इस बार कारोबार कमजोर होने के चलते 140 करोड़ ही खजाने में जमा हो पाई है। हालात यह है कि नए वित्तीय वर्ष शुरू होने के दो दिन बादभी जिला पंजीयक कार्यालयों में वास्तविक ब्यौरा जमा नही किया जा सका हैं।
सूत्रों ने बताया कि, पंजीयको को किसी भी स्थिति में टारगेट पूरा करने का भ दबाव है। जबकि जमीनी स्तर पर जमीन का कारोबार पहले की अपेक्षा कमजोर हो गया है। सरकारी दर बढ़ने के चलते निचले दबके के खरीददारों ने बाजार से दूरी बना ली हैं, वही रियल स्टेट बाजार से इन्वेस्टर भी गायब हो गए है।

इस साल दीपावली पर्व और नवरात्र में भी रजिस्ट्री का कारोबार ठंडा रहा। जबकि लोग दीपावली और नवरात्र में जमीन खरीदना शुभ मानते है। लेकिन इस साल दोनो सीजन में क्रेता और विक्रेता सरकारी कार्यालयों के दहलीज तक ही नही पहुंचे। यही कारण है कि राजस्व में इस बार गिरावट आई है।

पहली से 10वीं तक के बच्चों 10 लाख पुस्तकों का होगा वितरण

राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले में भी निशुल्क पहली से दसवीं तक के बच्चों को पुस्तक की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का प्रावधान है। जिला शिक्षा कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक इस वर्ष 10 लाख से अधिक निशुल्क पुस्तक का वितरण कराया जाएगा.

छत्तीसगढ़ पाठय पुस्तक निगम के माध्यम से समस्त संकुल केंद्रों में पुस्तक व्यवस्थापन का कार्य सुनिश्चित कराया जा रहा है। शिक्षा सत्र शुरू होने के साथ ही बच्चों को निशुल्क पुस्तक की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी। इसके साथ-साथ शिक्षा विभाग द्वारा बुक बैंक योजना की भी शुरुआत कर दी गई है। विभिन्न कक्षाओं में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों से पुरानी पुस्तक संस्था में जमा कराई जाएंगी। इसकी भी व्यवस्था कर दी गई है।

ज्ञात हो कि राजनांदगांव जिले के अंतर्गत आने वाले चार विकासखंडों में अधिक से अधिक प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक शालाओं के साथ-साथ हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों का संचालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। प्रतिवर्ष पहली से दसवीं तक के विद्यार्थियों को निशुल्क पुस्तकों की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाती है।

छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम द्वारा उपलब्ध कराई जाने वालीनिश्चल पुस्तकों की व्यवस्था संकुल केंद्रों में सुनिश्चित की जा रही है। यहां से संबंधित शालाओं को पुस्तकों की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी। शिक्षा शत्रु शुरू हो जाने के साथ ही शासकीय शालाओं में अध्ययन करने वाले पहली से दसवीं पुस्तक तक के विद्यार्थियों को निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।

प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम डिपो कार्यालय राजनांदगांव द्वारा जिले के समस्त संकुल केंद्रों में पुस्तकों की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा रही है। जहां से शासकीय शालाओं में पुस्तक पहुंचाई जाएंगी और शिक्षा सत्र शुरू होने के साथ बच्चों का प्रवेश के और गणेश की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी।

सोशल मीडिया पर हथियार वाला फोटो पोस्ट किया तो खैर नहीं

राजनांदगांव। सोशल मिडिया में हथियार वाला पोस्ट किए जाने पर अब हीरोगीरी नही चलेगी। पुलिस ऐसे चालबाजों को सबक सिखाने मुहिम चला रही है, जिसके तहत सोशल मीडिया से लेकर ऑनलाइन हथियार बेचने वाली ई-कॉमर्स के एमेजॉन, फ्लिपकार्ट, मीसो, ब्लूडाट आदि संस्थानों के संचालको को कड़ी हिदायत दी जा रही है। ऐसे मामले में पुलिस आरोपियों पर तत्काल एक्शन लेगी।

इन दिनों सोशल मिडिया में रौब दिखाने नाबालिक द्वारा ऐसे पोस्ट किए जा रहे है, सोशल मीडिया में बढ़ता यह ट्रेंड पुलिस के लिए सिरदर्द बन गया है। पुलिस द्वारा ऐसे गतिविधियों पर नजर रखने के लिए साइबर सेल को सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए है। पुलिस प्रशासन द्वारा विगत दिनों पुलिस द्वारा ई-कॉमर्स के एमेजॉन, फ्लिपकार्ट, मीसो, ब्लूडाट आदि संस्थानों के संचालकों की बैठक आयोजित कर ऐसे सामग्रियों को उनके ग्राहकों को ना देने और आर्डर कैन्सिल करने की हिदायत दी गई थी। आनलाइन मंगाए गए हथियार को अगर कैन्सिल नहीं किया गया तो कड़ी कार्यवाही किए जाने की चेतावनी दी गई थी।

उल्लेखनीय है कि ऑनलाइन साइट्स में ऐसे घातक हथियारों को बेरोकटोक बिक्री किए जाने से अपराध में इजाफा हो रहा है। हांलाकि सायबर सेल एवं समस्त थाना, चौकी द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत् विगत दिनों जिले के विभिन्न थानो से 27 नग हथियार भी जप्त किए गए थे। उस दौरान पुलिस द्वारा ई-कॉमर्स ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स से धारदार चाकू व बटन चाकू ऑनलाइन ऑर्डर कर मंगाने वालों का डेटा एकत्र किया गया और जिले के विभिन्न थाना चौकी क्षेत्र में ऐसे ऑनलाईन चाकू मंगवाने वालों के पास से कुल 27 धारदार चाकू, बटन चाकू बरामद किया गया है। साइबर सेल प्रभारी एलेक्जेंडर किरो ने बताया कि नाबालिकों द्वारा अपने सोशल मीडिया पर ऐसे हथियार पोस्ट किये जाने पर उनके साथ परिजनों को भी समझाईश दी जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m