समस्तीपुर। जिले से एक घटना सामने आई है जहां वैवाहिक कलह और प्रेम संबंधों के जटिल जाल में फंसकर एक बीपीएससी (BPSC) शिक्षक ने मौत को गले लगा लिया। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के वस्तु विहार कॉलोनी में रहने वाले तरुण कुमार (32 वर्ष) का शव उनके कमरे में फंदे से लटका मिला। आरोप है कि तरुण अपनी महिला मित्र (गर्लफ्रेंड) द्वारा लगातार दी जा रही मानसिक प्रताड़ना और अपनी पत्नी को तलाक देने के दबाव से बेहद परेशान थे।
स्कूल से शुरू हुई थी प्रेम कहानी
मृतक तरुण कुमार मूल रूप से वैशाली जिले के परमानंदपुर के रहने वाले थे और रामपुर केशोपट्टी स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, तरुण पहले मुजफ्फरपुर में पदस्थापित थे जहां उनकी मुलाकात नालंदा की रहने वाली एक अन्य शिक्षिका से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। तरुण पहले से शादीशुदा थे और उनका एक बच्चा भी है। जब परिवार को इस अवैध संबंध की भनक लगी तो काफी समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया था।
तलाक के लिए बनाया जा रहा था दबाव
तरुण के पिता अभिनव कुमार ने बताया कि उनके बेटे और बहू दोनों की सरकारी नौकरी लगी थी। परिवार को टूटने से बचाने के लिए तरुण ने पिछले साल म्यूचुअल ट्रांसफर लिया और अपनी पत्नी के पास केशोपट्टी आ गए। हालांकि नालंदा की रहने वाली वह शिक्षिका लगातार तरुण के संपर्क में रही और उसे परेशान करती रही। हद तो तब हो गई जब वह महिला उनके फ्लैट पर भी आने लगी। वह लगातार तरुण पर अपनी पहली पत्नी को तलाक देने और उसके साथ रहने का दबाव बना रही थी।
आखिरी फोन कॉल और आत्मघाती कदम
परिजनों का कहना है कि गुरुवार की रात भी उस महिला शिक्षक का तरुण को फोन आया था। फोन पर काफी बहस हुई जिसके बाद तरुण गहरे मानसिक तनाव में चले गए। देर रात उन्होंने कमरे के पंखे से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सुबह जब काफी देर तक कमरा नहीं खुला तो उनकी पत्नी ने शोर मचाया। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पुलिस अधीक्षक (SP) संजय पांडेय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला है। परिजनों ने एक महिला शिक्षक पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। हालांकि अभी तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलते ही मामले की गहनता से जांच की जाएगी और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

