Bihar Crime: बिहार के नवादा जिले से एक हैरान कर देने वाला खबर सामने आया है। दरअसल यहां, पड़ोस के घर में खेलने गए एक बच्चे के हाथ में बम फट गया। इस घटना में बच्चे की बाईं हथेली में गंभीर रूप से चोट आई है। हादसे के बाद परिजन उसे इलाज के लिए आनन-फानन में लेकर रजौली अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।

पड़ोसी के बच्चों संग खेलने गया था बच्चा

पूरा मामला रजौली थाना क्षेत्र के भावा बिगहा गांव की है। वहीं, घायल बच्चे की पहचान युवराज कुमार (7) पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। घटना के संबंध में घायल बच्चे की मां प्रतिमा देवी ने बताया कि, युवराज अपने पड़ोसी श्याम सुंदर सिंह के घर उनके बच्चों के साथ खेलने गया था। इसी बीच वह छत पर रखी साइकिल निकालने पहुंचा। जैसे ही उसने वहां रखे एक झोले को हटाने की कोशिश की, वैसे ही जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर जब वह मौके पर पहुंची, तो युवराज जमीन पर तड़प रहा था।

विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी

पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि जब उन्होंने इस घटना का विरोध किया तो, पड़ोसी ने सहानुभूति दिखाने के बजाय उनके साथ दुर्व्यवहार किया। इस संबंध में प्रतिमा देवी ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने पड़ोसी सुंदर सिंह और उमा सिंह पर मामले को दबाने के लिए जान से मारने की धमकी और जातिसूचक गालियां देने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले की जांच कर न्याय की मांग की है।

पुलिस ने पति-पत्नी को किया गिरफ्तार

शिकायत दर्ज होने के बाद रजौली थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने एक टीम का गठन कर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी श्याम सुंदर सिंह और उमा सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं, गांव में तनाव के माहौल को देखते हुए स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

छानबीन में जुटी पुलिस

पुलिस यह पता लगाने में जुटी हुई है कि आखिर किस मकसद से रिहायशी इलाके में मकान की छत पर बम रखा हुआ था। पुलिस ने जांच के लिए मौके पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच को आगे बढ़ा रही है।

ये भी पढ़ें- खुदकुशी या फिर कुछ और…?, आम के पेड़ पर लटका मिला नाबालिग का शव, पुलिस को है इस बात का इंतजार