किशनगंज। शहर में तैनात SDPO गौतम कुमार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOW) की कार्रवाई ने भ्रष्टाचार की एक ऐसी कहानी उजागर की है जिसे सुनकर आम आदमी दंग है। 80 करोड़ की बेनामी संपत्ति के आरोपी पुलिस अधिकारी के साथ-साथ अब उनकी नौकरानी पारो की लग्जरी लाइफस्टाइल ने भी सबको हैरान कर दिया है।

​नौकरानी की रईसी

​किशनगंज के धरमगंज की रहने वाली पारो, जो SDPO के घर कामकाज देखती थी असल में करोड़ों की मालकिन निकली। जांच में सामने आया है कि उसने पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर (मलद्वार) में करीब एक करोड़ रुपए की लागत से एक आलीशान मकान बनवाया है। पारो को सरकारी आवास तक लाने-ले जाने के लिए 35 लाख रुपए की लग्जरी गाड़ी का इस्तेमाल किया जाता था। स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार SDPO के सरकारी और निजी वाहन विशेष रूप से उसे पिक एंड ड्रॉप करने के लिए भेजे जाते थे।

​बुलेट बाइक और लाखों का कैश

​सोशल मीडिया पर पारो की कुछ तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं जिसमें वह SDPO द्वारा गिफ्ट की गई कीमती बुलेट बाइक के साथ पोज दे रही है। एक अन्य वीडियो में उसके हाथ में करीब डेढ़ लाख रुपए कैश दिखाई दे रहे हैं। चर्चा है कि उसके पास 6 लाख रुपए से अधिक का सोने का हार भी मौजूद है। इन खुलासों के बाद पारो अपने पूरे परिवार के साथ फरार हो गई है।

SDPO गौतम कुमार का साम्राज्य

गौतम कुमार पर आरोप है कि उन्होंने अपनी 32 साल की नौकरी में करीब 80 करोड़ रुपए की अकूत संपत्ति जमा की। उनकी पत्नी, जो एक सरकारी शिक्षिका हैं खुद 35 लाख की थार गाड़ी से चलती हैं। पूर्णिया स्थित उनके बंगले की कीमत ही 2.5 करोड़ रुपए है, जिसके इंटीरियर और फर्निशिंग पर एक करोड़ से ज्यादा खर्च किए गए हैं।

​EOW की छापेमारी में क्या मिला?

​पिछले मंगलवार को EOW ने गौतम कुमार के 8 ठिकानों (पूर्णिया, किशनगंज, पटना, अररिया और सिलीगुड़ी) पर एक साथ छापेमारी की थी। इस दौरान अधिकारियों के हाथ कई अहम सबूत लगे:

  • ​36 जमीन के दस्तावेज और नोएडा-गुड़गांव में निवेश के कागजात।
  • ​60 लाख रुपए के गहने और कई महंगी विदेशी घड़ियां।

​क्रेटा और थार जैसी लग्जरी गाड़ियां और भारी निवेश के डाक्यूमेंट्स।
​यह मामला अब केवल एक अधिकारी के भ्रष्टाचार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग और बेनामी संपत्ति के नेटवर्क की गहरी परतें खुल रही हैं।